रेलवे की चार अहम घोषणाएं: मुंबई से जयपुर के लिए वन-वे स्पेशल ट्रेन, कई रेलसेवाएं प्रभावित

जयपुर। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त यात्रीभार को देखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। लोकमान्य तिलक टर्मिनस से जयपुर के लिए एकतरफा स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। वहीं, बीकानेर मंडल में अनुरक्षण कार्य के चलते कुछ रेलगाड़ियां रद्द, आंशिक रद्द और देरी से संचालित होंगी। इसके अलावा अजमेर-बांद्रा टर्मिनस रेलसेवा एलएचबी रैक से चलेगी और जयपुर में एक रेलवे फाटक मरम्मत कार्य के चलते बंद रहेगा।

मुंबई से जयपुर के लिए स्पेशल ट्रेन

अतिरिक्त यात्रीभार को देखते हुए गाड़ी संख्या 01101 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-जयपुर एकतरफा स्पेशल रेलसेवा 23 नवंबर 2026 को रात 22:55 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस से रवाना होगी। यह ट्रेन 24 नवंबर को रात 21:30 बजे जयपुर पहुंचेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार ट्रेन का ठहराव ठाणे, वसई रोड, सूरत, वडोदरा, रतलाम, कोटा और सवाई माधोपुर स्टेशनों पर होगा। ट्रेन में कुल 19 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 2 द्वितीय वातानुकूलित, 8 तृतीय वातानुकूलित, 5 शयनयान, 2 साधारण श्रेणी और 2 एसएलआर कोच शामिल हैं।

रतनगढ़-बीकानेर रेलखंड पर कई ट्रेनें प्रभावित

बीकानेर मंडल के बैनीसर-सूडसर-नापासर स्टेशनों के बीच रेलपथ अनुरक्षण कार्य के लिए ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते रेल यातायात प्रभावित रहेगा।

गाड़ी संख्या 74856 रतनगढ़-बीकानेर 24 नवंबर और 8 दिसंबर को तथा गाड़ी संख्या 74855 बीकानेर-रतनगढ़ 25 नवंबर और 9 दिसंबर को रद्द रहेगी।

वहीं, गाड़ी संख्या 14898 हिसार-बीकानेर 25 नवंबर और 9 दिसंबर को रतनगढ़ तक संचालित होगी। गाड़ी संख्या 74831 बीकानेर-चूरू भी इन तिथियों में रतनगढ़ से संचालित की जाएगी।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 14718 हरिद्वार-बीकानेर 24 नवंबर को 3 घंटे और 8 दिसंबर को 2 घंटे 30 मिनट देरी से चलेगी। गाड़ी संख्या 12457 दिल्ली सराय-बीकानेर दोनों तिथियों को 1 घंटे देरी से रवाना होगी।

अजमेर-बांद्रा टर्मिनस ट्रेन में लगेंगे एलएचबी कोच

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और बेहतर सफर के लिए गाड़ी संख्या 20995/20996 अजमेर-बांद्रा टर्मिनस-अजमेर रेलसेवा को एलएचबी रैक से संचालित करने का निर्णय लिया है।

अजमेर से यह व्यवस्था 5 दिसंबर 2026 और बांद्रा टर्मिनस से 6 दिसंबर 2026 से लागू होगी। इस ट्रेन में कुल 21 कोच होंगे। इनमें 2 द्वितीय वातानुकूलित, 5 तृतीय वातानुकूलित, 7 शयनयान, 5 साधारण श्रेणी और 2 पावरकार कोच शामिल रहेंगे।

मलवा फाटक 24 घंटे से अधिक रहेगा बंद

जयपुर के सांगानेर-शिवदासपुरा रेलखंड पर शिवदासपुरा यार्ड स्थित समपार फाटक संख्या 64 (मलवा फाटक) ट्रैक मरम्मत कार्य के चलते बंद रहेगा।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार यह फाटक 24 नवंबर को सुबह 8 बजे से 25 नवंबर को शाम 8 बजे तक पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान आमजन को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा। यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले रेलसेवाओं की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।