पुष्कर मेले में रेलवे की रिकॉर्ड कमाई, 9 दिनों में 2,606 यात्रियों ने किया सफर

पुष्कर मेले में रेलवे की रिकॉर्ड कमाई, 9 दिनों में 2,606 यात्रियों ने किया सफर

24 नवंबर को एक ही दिन में रेलवे को हुई ₹29,645 की आय, विशेष ट्रेनों का यात्रियों को मिला लाभ

अजमेर। अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त पुष्कर मेला-2026 के दौरान रेलवे की विशेष व्यवस्थाओं और अतिरिक्त ट्रेन संचालन का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। पुष्कर रेलवे स्टेशन से महज 9 दिनों में 2,606 यात्रियों ने रेल यात्रा की, जिससे रेलवे को कुल ₹73,530 की शुद्ध आय प्राप्त हुई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने बताया कि मेले के मुख्य चरण के दौरान 17 नवंबर से 26 नवंबर 2026 तक कुल 1,039 टिकटों की बिक्री दर्ज की गई। इससे रेलवे को ₹73,530 का राजस्व मिला। इसमें ₹64,115 नकद और ₹9,710 डिजिटल भुगतान के माध्यम से प्राप्त हुए।

कार्तिक एकादशी और मुख्य स्नान पर्वों के दौरान पुष्कर आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या में विशेष बढ़ोतरी देखने को मिली। 22 से 24 नवंबर के बीच यात्री आवागमन में सबसे अधिक उछाल दर्ज किया गया।

24 नवंबर को एक ही दिन में 225 टिकटों पर 521 यात्रियों ने सफर किया। इससे रेलवे को ₹29,645 की रिकॉर्ड शुद्ध आय प्राप्त हुई। वहीं, 22 नवंबर को 253 टिकटों के माध्यम से 691 यात्रियों ने यात्रा की, जिससे ₹14,560 का राजस्व मिला। 23 नवंबर को 173 टिकटों पर 425 यात्रियों ने सफर किया और रेलवे को ₹9,120 की आय हुई।

पुष्कर मेले के दौरान रेलवे की विशेष ट्रेन सेवाओं और यात्री सुविधाओं से श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को आवागमन में काफी सहूलियत मिली। रेलवे के विशेष प्रबंधों से मेले में आने वाले यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराने के साथ राजस्व में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई।