ब्यास सत्संग के श्रद्धालुओं के लिए रेलवे की सौगात, सहारनपुर और दिल्ली से चलेंगी दो विशेष ट्रेनें

ब्यास सत्संग के श्रद्धालुओं के लिए रेलवे की सौगात, सहारनपुर और दिल्ली से चलेंगी दो विशेष ट्रेनें

अंबाला मंडल से होकर गुजरेंगी स्पेशल ट्रेनें, अंबाला कैंट समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव

अंबाला। ब्यास में आयोजित होने वाले सत्संग में शामिल होने वाले यात्रियों और श्रद्धालुओं की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। उत्तर रेलवे की ओर से सितंबर माह में सहारनपुर-ब्यास-सहारनपुर और हजरत निजामुद्दीन-ब्यास-हजरत निजामुद्दीन के बीच दो विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।

रेल प्रशासन के अनुसार, ट्रेन संख्या 04451/04452 हजरत निजामुद्दीन-ब्यास-हजरत निजामुद्दीन विशेष एक्सप्रेस का संचालन हजरत निजामुद्दीन से ब्यास के लिए 3 सितंबर 2026 को और वापसी में ब्यास से हजरत निजामुद्दीन के लिए 6 सितंबर 2026 को किया जाएगा। इस ट्रेन का अंबाला कैंट स्टेशन पर भी ठहराव रहेगा।

इसी प्रकार ट्रेन संख्या 04565/04566 सहारनपुर-ब्यास-सहारनपुर विशेष एक्सप्रेस सहारनपुर से ब्यास के लिए 11 और 18 सितंबर को चलेगी। वापसी में ब्यास से सहारनपुर के लिए यह ट्रेन 13 और 20 सितंबर 2026 को संचालित होगी।

इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव

सहारनपुर-ब्यास विशेष ट्रेन का ठहराव यमुनानगर-जगाधरी, जगाधरी वर्कशॉप, अंबाला कैंट, सानेहवाल, लुधियाना और जालंधर सिटी सहित निर्धारित प्रमुख स्टेशनों पर किया जाएगा। इससे इन क्षेत्रों से ब्यास जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम

रेलवे की ओर से संबंधित स्टेशनों पर विशेष ट्रेनों के संचालन को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार की व्यवस्था की जा रही है। अतिरिक्त यात्री भीड़ को व्यवस्थित तरीके से संभालने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त टिकट जांच कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए हैं।

रेल प्रशासन ने यात्रियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के समय, ठहराव और संचालन की जानकारी रेलवे के अधिकृत यात्री सूचना माध्यमों से अवश्य जांच लें।