आगरा कैंट-असारवा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि बढ़ी, 5 अतिरिक्त ट्रिप चलेंगी

आगरा कैंट-असारवा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि बढ़ी, 5 अतिरिक्त ट्रिप चलेंगी

यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे का फैसला, 30 नवंबर से 29 दिसंबर तक मिलेगी अतिरिक्त रेल सुविधा

जयपुर। यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त यात्री भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने आगरा कैंट-असारवा-आगरा कैंट साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा की संचालन अवधि में विस्तार करने का निर्णय लिया है। इसके तहत दोनों दिशाओं में 5-5 अतिरिक्त ट्रिप संचालित की जाएंगी। इससे आगरा, असारवा और बीच के विभिन्न स्टेशनों के यात्रियों को आवागमन के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 01910 आगरा कैंट-असारवा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन आगरा कैंट से 30 नवंबर से 28 दिसंबर 2026 तक 5 ट्रिप के लिए बढ़ाया गया है।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 01909 असारवा-आगरा कैंट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन असारवा से 1 दिसंबर से 29 दिसंबर 2026 तक 5 ट्रिप के लिए बढ़ाया गया है।

इस स्पेशल ट्रेन में कुल 22 डिब्बे होंगे। इनमें 1 सेकंड एसी, 5 थर्ड एसी, 3 थर्ड एसी इकोनॉमी, 7 स्लीपर, 4 साधारण श्रेणी, 1 गार्ड और 1 पावरकार शामिल हैं।

रेलवे के इस निर्णय से यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध होंगे। साथ ही आगामी यात्रा अवधि में बढ़ने वाली यात्री भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।