यातायात नियमों के उल्लंघन पर 244 वाहनों के चालान, कॉलेज में विद्यार्थियों को किया जागरूक

कासगंज। यातायात माह और सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत गुरुवार को कासगंज पुलिस और एआरटीओ की संयुक्त टीम ने ढोलना, रोडवेज बस स्टैंड और नदरई गेट पर अभियान चलाया। नियमों का उल्लंघन करने पर 244 वाहनों के चालान किए गए और 6,19,500 रुपये का शमन शुल्क लगाया गया। मोडिफाइड साइलेंसर लगी एक बुलेट मोटरसाइकिल सीज की गई।

अभियान में सात वाहनों में प्रेशर हॉर्न और चार दोपहिया वाहनों में मोडिफाइड साइलेंसर मिले। दो वाहन प्रदूषण नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। इंटरसेप्टर वाहन से ओवरस्पीडिंग करने वाले 40 चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी, गलत दिशा में वाहन चलाने, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, बिना फिटनेस वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग करने वालों के चालान किए गए।

इसके साथ ही यातायात पुलिस ने ढोलना स्थित राणा इंटर कॉलेज में कार्यशाला आयोजित कर छात्र-छात्राओं और स्टाफ को यातायात नियमों की जानकारी दी। पंपलेट वितरित किए और नियमों के पालन की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों को साइबर अपराध और महिला संबंधी अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया।

रोडवेज बस स्टैंड और नदरई गेट के पास सड़क पर ऑटो व ई-रिक्शा खड़े करने वाले चालकों को इन्हें सड़क से हटाकर निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की हिदायत दी गई। दोबारा सड़क पर वाहन खड़े मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। अभियान में यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह और एआरटीओ राम प्रकाश मिश्र शामिल रहे।