जोधपुर में मधुमेह जागरूकता की मुहिम, 150 से अधिक लोगों की हुई निःशुल्क स्वास्थ्य जांच

जोधपुर में मधुमेह जागरूकता की मुहिम, 150 से अधिक लोगों की हुई निःशुल्क स्वास्थ्य जांच

विश्व मधुमेह दिवस पर निकाली गई एक किलोमीटर लंबी वॉकथॉन, न्यायमूर्ति डॉ. नूपुर भाटी ने दिखाई हरी झंडी

जोधपुर। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर शनिवार को जोधपुर में मधुमेह के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक किलोमीटर लंबी वॉकथॉन निकाली गई। न्यायमूर्ति डॉ. नूपुर भाटी ने हरी झंडी दिखाकर वॉकथॉन को रवाना किया। इस दौरान शहर की कई नामचीन हस्तियों, जनप्रतिनिधियों और चिकित्सा जगत से जुड़े विशेषज्ञों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

बीकेएस डायबिटीज, मेडिकल एंड वेलफेयर ट्रस्ट एवं एएसजी आई हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जनजागरूकता मेले के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। शिविर में 150 से अधिक लोगों की एचबीए1सी, ब्लड शुगर, आंखों, रेटिना और सामान्य स्वास्थ्य की जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को मधुमेह की शुरुआती पहचान, नियमित जांच और बीमारी के बेहतर प्रबंधन के लिए आवश्यक परामर्श भी दिया।

कार्यक्रम में न्यायमूर्ति डॉ. नूपुर भाटी, सरोजिनी चौहान, विधायक अतुल भंसाली, पूर्व राजस्व मंत्री रामनारायण डूडी, पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़, पार्षद नरेश जोशी, देवेंद्र सालेचा, राजमल पारख, महाराज हरिसिंहजी (जालम निवास), वरुण धनाडिया सहित शहर की अनेक गणमान्य हस्तियां मौजूद रहीं। वहीं अधिवक्ता विकास बालिया, मनीष सिसोदिया, तीर्थराज सोढ़ा, दिलीप सिंह राजवी और पंकज मेहता ने भी सहभागिता की।

चिकित्सा जगत से एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बी.एस. जोधा, पूर्व प्राचार्य डॉ. अरविंद माथुर, सुपारस मल भंडारी, डॉ. फतेह सिंह भाटी, डॉ. विकास राजपुरोहित, डॉ. योगीराज जोशी, डॉ. सुनील दाधीच, डॉ. रौनक गांधी, डॉ. मनोज खत्री, डॉ. अरविंद चौहान, डॉ. डी.पी. सिंह और एएसजी आई हॉस्पिटल के डॉ. मयंक शर्मा सहित कई विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहे।

आयोजन संयोजक एवं वरिष्ठ डायबेटोलॉजिस्ट डॉ. दिनेश पाल सिंह ने बताया कि मधुमेह की समय पर पहचान और नियमित स्वास्थ्य जांच से बीमारी को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकता है। लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खानपान पर ध्यान देने और शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने के प्रति जागरूक करना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य रहा।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक नरेंद्र कुमार, बीकेएस सोसायटी के पदाधिकारियों और शहर की अन्य गणमान्य हस्तियों ने भी भागीदारी की। आयोजन के माध्यम से आमजन को मधुमेह से बचाव, समय पर जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।