समदड़ी-भीलड़ी रेलखंड पर 220 किलोमीटर ट्रैक का नवीनीकरण पूरा, भारतीय रेल में सर्वोच्च स्तर पर पहुंचा ट्रैक क्वालिटी इंडेक्स

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने रेल संरक्षा की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। समदड़ी-भीलड़ी रेलखंड पर 220 किलोमीटर ट्रैक नवीनीकरण का कार्य स्वीकृति मिलने के मात्र 19 माह में पूरा कर लिया गया है। इस कार्य से रेलपथ की मजबूती और गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। रेलखंड का ट्रैक क्वालिटी इंडेक्स (टीक्यूआई) बढ़कर 106.20 हो गया है, जो भारतीय रेल में सर्वोच्च स्तर पर है।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि इस रेलखंड पर पहले 52 केजी रेल लगी थीं, जिन्हें बदलकर 60 केजी रेल लगाई गई हैं। परियोजना के तहत 8 गर्डर पुलों, 16 यार्डों और 4,000 कैजुअल स्लीपरों का नवीनीकरण किया गया है। शेष 12 यार्डों में टर्नआउट और एसईजे नवीनीकरण का कार्य फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

इसका सकारात्मक परिणाम भी सामने आया है। रेलखंड के 100 किलोमीटर हिस्से में ट्रेनों की अधिकतम गति 100 से बढ़ाकर 110 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। शेष 120 किलोमीटर में भी गति बढ़ाने का कार्य दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

रेलवे की इस उपलब्धि से डबल स्टैक कंटेनर परिचालन वाले महत्वपूर्ण मार्ग पर रेल संरक्षा, ट्रैक की गुणवत्ता और परिचालन क्षमता को मजबूती मिलेगी। निर्धारित समय में कार्य पूरा होना रेलवे की बेहतर कार्ययोजना, तकनीकी दक्षता और विभागीय समन्वय का परिणाम है।