वायरल वीडियो विवाद ने पकड़ा तूल: दो साल पुराने मामले को लेकर फिर आमने-सामने आए पक्ष, पुलिस ने की निरोधात्मक कार्रवाई

वायरल वीडियो विवाद ने पकड़ा तूल: दो साल पुराने मामले को लेकर फिर आमने-सामने आए पक्ष, पुलिस ने की निरोधात्मक कार्रवाई

शिकायत,पुराने वीडियो और आपसी विवाद के बीच टड़ियावां पुलिस की जांच रिपोर्ट बनी चर्चा का विषय, शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका पर न्यायालय भेजी गई चालानी रिपोर्ट

#हरदोई

जनपद के टड़ियावां थाना क्षेत्र में वायरल वीडियो को लेकर चल रहा विवाद अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। मामले में पुलिस की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। रिपोर्ट में एक ओर वीडियो को करीब दो वर्ष पुराना बताया गया है, वहीं दूसरी ओर उसी वीडियो को दोबारा वायरल किए जाने को लेकर आपसी वैमनस्य बढ़ने की बात दर्ज की गई है।

पुलिस रिपोर्ट में क्या हुआ खुलासा?

जांच आख्या के मुताबिक, आवेदक देशदीपक शुक्ला उर्फ डी.डी. शुक्ला पुत्र सत्यप्रकाश शुक्ला, निवासी ग्राम तहवाई, थाना टड़ियावां, जनपद हरदोई पेशे से पत्रकार हैं। रिपोर्ट में उल्लेख है कि करीब दो वर्ष पूर्व उनके द्वारा पुलिस के कुछ उच्चाधिकारियों के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए एक वीडियो वायरल किया गया था, जिस पर पुलिस पहले ही नियमानुसार विधिक कार्रवाई कर चुकी थी।

रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि विपक्षी उदयराज पुत्र लाल बहादुर, निवासी ग्राम निशानपरवा, थाना टड़ियावां ने उसी कथित वीडियो को दोबारा वायरल किया। पुलिस जांच में इसे पुराना मामला बताते हुए दोबारा वायरल किए जाने का कोई औचित्य नहीं पाया गया।

समझाने के प्रयास भी नाकाम, अब न्यायालय के पाले में मामला

पुलिस की जांच आख्या में स्पष्ट उल्लेख है कि दोनों पक्षों के बीच आपसी वैमनस्य की स्थिति बनी हुई है। विपक्षी उदयराज को समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुआ। पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच तनाव और किसी गंभीर घटना की आशंका को देखते हुए शांति व्यवस्था के दृष्टिगत विपक्षी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126/135/135(3) के तहत निरोधात्मक कार्रवाई किए जाने का उल्लेख किया है।

इतना ही नहीं, दिनांक 13 नवंबर 2026 को चालानी रिपोर्ट तैयार कर उपजिलाधिकारी सदर, हरदोई के न्यायालय भेजी गई है। रिपोर्ट के अनुसार मामला न्यायालय में विचाराधीन है।

बड़ा सवाल: पुराने मामले को दोबारा उछालने की जरूरत क्यों पड़ी?

जब किसी वायरल वीडियो को लेकर पूर्व में ही विधिक कार्रवाई हो चुकी थी, तो उसी प्रकरण को दोबारा सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के पीछे मंशा क्या थी? क्या यह महज आपसी विवाद है या किसी को सार्वजनिक रूप से घेरने की कोशिश?

फिलहाल पुलिस की जांच आख्या ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। अब निगाहें उपजिलाधिकारी सदर के न्यायालय की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

डी.डी. शुक्ला की कलम से सवाल सीधा है_

पुराने जख्मों को कुरेदकर विवाद की आग भड़काने वालों से भी सवाल होना चाहिए। कानून किसी के लिए ढाल और किसी के लिए हथियार नहीं बनना चाहिए। निष्पक्ष जांच हो, तथ्य सामने आएं और दोषी चाहे कोई भी हो, कार्रवाई होनी चाहिए।

नोट: यह खबर उपलब्ध पुलिस जांच आख्या पर आधारित है। इसमें दर्ज आरोपों और निष्कर्षों को अंतिम न्यायिक निर्णय नहीं माना जाना चाहिए।

#HardoiPolice #DMHardoi #UPPolitics #allfollowers #UPPolice #hardoi