प्रयागराज मंडल में डिजिटल भुगतान को बढ़ावा, यूटीएस काउंटर से 5.21 लाख से अधिक टिकट जारी

प्रयागराज। यात्रियों की सुविधा और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने की दिशा में प्रयागराज मंडल के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। चालू वित्तीय वर्ष में 24 अगस्त 2026 तक यूटीएस काउंटर से डिजिटल भुगतान के माध्यम से 5 लाख 21 हजार 514 टिकट जारी किए गए। इन टिकटों से 12 लाख 60 हजार 785 यात्रियों ने यात्रा की और मंडल को 10 करोड़ 20 लाख 29 हजार 370 रुपये की आय प्राप्त हुई।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग हरि मोहन के निर्देशन में यात्रियों को डिजिटल भुगतान के प्रति प्रोत्साहित किया जा रहा है। रेलवे द्वारा यूटीएस काउंटर से अनारक्षित टिकट खरीदने के लिए डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे यात्रियों को नकद भुगतान की जरूरत नहीं पड़ती और टिकट खरीदने की प्रक्रिया भी आसान एवं सुविधाजनक हो जाती है।

पिछले साल की तुलना में शानदार बढ़ोतरी

प्रयागराज मंडल में डिजिटल भुगतान के माध्यम से जारी टिकटों की संख्या में पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 83 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं डिजिटल माध्यम से टिकट खरीदकर यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में 91.24 प्रतिशत और आय में 84.09 प्रतिशत की उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।

इन स्टेशनों पर डिजिटल भुगतान का बढ़ा चलन

डिजिटल भुगतान के मामले में प्रयागराज जंक्शन सबसे आगे रहा। यहां 1,00,920 टिकटों के माध्यम से 1,63,852 यात्रियों ने यात्रा की और 2 करोड़ 75 लाख 9 हजार 460 रुपये की आय हुई।

कानपुर सेंट्रल पर 57,699 टिकटों से 1,21,621 यात्रियों ने यात्रा की और 1 करोड़ 40 लाख 84 हजार 940 रुपये की आय प्राप्त हुई। अलीगढ़ जंक्शन पर 64,182 टिकटों से 2,07,977 यात्रियों ने यात्रा की, जिससे 86 लाख 62 हजार 55 रुपये की आय हुई।

इसी तरह मिर्जापुर में 23,411 टिकटों से 53,424 यात्रियों ने यात्रा की और 78 लाख 1 हजार 720 रुपये की आय हुई। टुंडला जंक्शन पर 24,922 टिकटों से 43,540 यात्रियों ने यात्रा की और 48 लाख 83 हजार 665 रुपये की आय प्राप्त हुई।

यात्रियों को लगातार किया जा रहा जागरूक

रेलवे की ओर से डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के साथ यात्रियों को उचित और वैध टिकट लेकर यात्रा करने के लिए भी लगातार जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए स्टेशनों पर स्टीकर, पोस्टर और उद्घोषणा के माध्यम से यात्रियों को जानकारी दी जा रही है।

प्रयागराज मंडल का यह प्रयास रेलवे सेवाओं को अधिक आधुनिक, सुविधाजनक और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। डिजिटल भुगतान के बढ़ते इस्तेमाल से यात्रियों को टिकट खरीदने में सुविधा मिलने के साथ नकद रहित लेन-देन को भी बढ़ावा मिल रहा है।