रक्षाबंधन पर यात्रियों को बड़ी राहत, खातीपुरा-हावड़ा के बीच चलेगी विशेष ट्रेन; प्रयागराज-बनारस स्पेशल के भी बढ़ाए फेरे

प्रयागराज। रक्षाबंधन पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए खातीपुरा और हावड़ा के बीच रक्षाबंधन विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। इसके अलावा प्रयागराज-बनारस-सुबेदारगंज अनारक्षित स्पेशल ट्रेन के भी अतिरिक्त फेरे संचालित किए जाएंगे।

खातीपुरा-हावड़ा के बीच चलेगी विशेष ट्रेन

रेल प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या 09709/09710 खातीपुरा-हावड़ा-खातीपुरा रक्षाबंधन विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में एक-एक फेरा लगाएगी। गाड़ी संख्या 09709 खातीपुरा-हावड़ा स्पेशल 29 अगस्त को शाम पांच बजे खातीपुरा से रवाना होगी और अगले दिन रात 10:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी।

यह ट्रेन दौसा, बांदीकुई, भरतपुर, ईदगाह, टूंडला, इटावा, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, गया, कोडरमा, गोमो, धनबाद, आसनसोल, दुर्गापुर, बर्दवान और बैंडेल सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 09710 हावड़ा-खातीपुरा स्पेशल 31 अगस्त को मध्यरात्रि 12:15 बजे हावड़ा से रवाना होगी और विभिन्न स्टेशनों से होते हुए 1 सितंबर को सुबह 11:30 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।

इस विशेष ट्रेन में कुल 23 कोच होंगे। इनमें दो एसी द्वितीय श्रेणी, चार एसी तृतीय श्रेणी, सात स्लीपर, आठ सामान्य श्रेणी तथा दो एसएलआर/डी कोच शामिल हैं।

प्रयागराज-बनारस स्पेशल के अतिरिक्त फेरे

रक्षाबंधन पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने गाड़ी संख्या 01915/01916 प्रयागराज-बनारस-सुबेदारगंज श्रावणी मेला अनारक्षित स्पेशल ट्रेन के भी अतिरिक्त फेरे चलाने का निर्णय लिया है।

गाड़ी संख्या 01915 प्रयागराज-बनारस स्पेशल 30 और 31 अगस्त को दो अतिरिक्त फेरे लगाएगी। वहीं गाड़ी संख्या 01916 बनारस-सुबेदारगंज स्पेशल भी 30 और 31 अगस्त को दो अतिरिक्त फेरे संचालित करेगी।

रेलवे के अनुसार इन अतिरिक्त फेरों में ट्रेन का समय, ठहराव, मार्ग और कोच संरचना पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही रहेगी। अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन से रक्षाबंधन पर यात्रियों को भीड़ से राहत मिलने और घर जाने में सुविधा होने की उम्मीद है।