फिरोजपुर मंडल के लुधियाना, जालंधर सिटी और अमृतसर स्टेशनों पर चला जागरूकता अभियान

रेल वन ऐप से आसान हुई रेल यात्रा, 250 यात्रियों के मोबाइल में किया गया इंस्टॉल

फिरोजपुर मंडल के लुधियाना, जालंधर सिटी और अमृतसर स्टेशनों पर चला जागरूकता अभियान

फिरोजपुर। रेल यात्रियों को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने और टिकट खरीदने की प्रक्रिया को आसान बनाने के उद्देश्य से फिरोजपुर मंडल द्वारा लुधियाना, जालंधर सिटी और अमृतसर रेलवे स्टेशनों पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यात्रियों को ?रेल वन ऐप? के माध्यम से टिकट खरीदने के फायदे बताए गए और मौके पर करीब 250 यात्रियों के मोबाइल फोन में ऐप इंस्टॉल कराया गया।

स्टेशन परिसर में बैनर और स्टैंडी के माध्यम से यात्रियों को ऐप की सुविधाओं की जानकारी दी गई। रेलवे कर्मचारियों ने यात्रियों को बताया कि डिजिटल माध्यम से टिकट खरीदने से समय की बचत होती है और यात्रियों को टिकट के लिए लंबी कतार में खड़े होने की परेशानी से भी राहत मिलती है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने यात्रियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक डिजिटल माध्यम से टिकट खरीदने की सुविधा का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि रेल वन ऐप यात्रियों के लिए डिजिटल साथी के रूप में काम कर रहा है, जिससे रेल यात्रा को अधिक सुविधाजनक और सरल बनाया जा रहा है।

टिकट खरीदने के साथ कई फायदे

रेल वन ऐप के माध्यम से टिकट खरीदने पर यात्रियों को छुट्टे पैसे रखने की परेशानी से राहत मिलती है। इसके अलावा टिकट खरीदने पर 3 प्रतिशत की छूट का लाभ भी मिलता है। डिजिटल टिकटिंग से कागज के उपयोग में कमी आती है, जिससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।

रेलवे के इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक डिजिटल सुविधाओं से जोड़ना और रेल यात्रा को तेज, सरल, सुविधाजनक एवं पर्यावरण अनुकूल बनाना है। यात्रियों ने भी डिजिटल टिकटिंग की इस पहल को सुविधाजनक बताते हुए इसे अपनाने में उत्साह दिखाया।