ट्रेनों में अनधिकृत पानी की बिक्री पर रेलवे का शिकंजा, 240 बोतलें जब्त

ट्रेनों में अनधिकृत पानी की बिक्री पर रेलवे का शिकंजा, 240 बोतलें जब्त

5 अनधिकृत वेंडर पकड़े गए, 4,625 रुपये का जुर्माना वसूला

जोधपुर। यात्रियों को स्वच्छ और निर्धारित मानकों के अनुरूप पेयजल उपलब्ध कराने तथा ट्रेनों में अनधिकृत बिक्री पर रोक लगाने के लिए जोधपुर मंडल रेलवे ने सघन जांच अभियान चलाया। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में एक ही दिन में अप्रमाणित ब्रांड की 240 पानी की बोतलें जब्त की गईं। साथ ही, बिना अनुमति खाद्य एवं पेय पदार्थ बेच रहे 5 अनधिकृत वेंडरों को पकड़कर 4,625 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि 25 अगस्त को विशेष टिकट जांच के दौरान पाली मारवाड़ स्टेशन पर ट्रेन संख्या 12479 की जांच की गई। इस दौरान यात्रियों को बिक्री के लिए रखी गई अप्रमाणित ब्रांड ?यस? की 192 पानी की बोतलें बरामद कर जब्त की गईं। इसके बाद ट्रेन संख्या 19404 की जांच में अप्रमाणित ब्रांड ?वेलकम? की 48 पानी की बोतलें भी बरामद हुईं।

इसी अभियान के दौरान ट्रेन संख्या 20485 में बिना अधिकृत अनुमति के खाद्य एवं पेय पदार्थ बेच रहे पांच वेंडरों को पकड़ा गया। रेलवे ने सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 4,625 रुपये का जुर्माना वसूल किया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यात्रियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ट्रेनों और स्टेशनों पर अनधिकृत वेंडिंग तथा अप्रमाणित खाद्य-पेय पदार्थों की बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही पैकेज्ड पानी और खाद्य सामग्री खरीदें तथा किसी भी तरह की अनधिकृत बिक्री की जानकारी रेलवे को दें।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। अनधिकृत वेंडिंग के खिलाफ रेलवे की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।