आनंद विहार-रीवा एक्सप्रेस के मार्ग में बदलाव, अब सतना के बजाय सगमा-कैमा कॉर्ड लाइन से चलेगी ट्रेन

प्रयागराज। रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गाड़ी संख्या 12428/12427 आनंद विहार टर्मिनल-रीवा-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस के मार्ग में बदलाव किया है। 23 अक्टूबर 2026 से यात्रा शुरू होने की तिथि के आधार पर यह ट्रेन सतना स्टेशन के बजाय सगमा-कैमा कॉर्ड लाइन होकर संचालित होगी। ट्रेन का कैमा स्टेशन पर ठहराव भी रहेगा।

संशोधित समय सारणी के अनुसार गाड़ी संख्या 12428 आनंद विहार टर्मिनल-रीवा एक्सप्रेस प्रतिदिन मानिकपुर स्टेशन पर सुबह 8:33 बजे पहुंचेगी और 8:35 बजे रवाना होगी। इसके बाद ट्रेन सगमा से सुबह 9:47 बजे बिना ठहराव के गुजरेगी और कैमा स्टेशन पर सुबह 9:50 बजे पहुंचेगी। यहां पांच मिनट के ठहराव के बाद 9:55 बजे रवाना होकर ट्रेन सुबह 11:10 बजे रीवा पहुंचेगी।

इसी तरह वापसी में गाड़ी संख्या 12427 रीवा-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस प्रतिदिन रीवा से शाम 4:20 बजे रवाना होगी। ट्रेन शाम 5:10 बजे कैमा पहुंचेगी और 5:15 बजे रवाना होगी। इसके बाद सगमा स्टेशन से शाम 5:35 बजे बिना ठहराव के गुजरेगी तथा शाम 6:55 बजे मानिकपुर पहुंचेगी और 6:57 बजे आगे के लिए रवाना होगी।

यात्रियों को सतना स्टेशन की बजाय कैमा से मिलेगी सुविधा

मार्ग परिवर्तन के बाद इस ट्रेन के यात्रियों को कैमा स्टेशन पर ठहराव की सुविधा मिलेगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के मार्ग और समय की अद्यतन जानकारी अवश्य जांच लें। इसके लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 अथवा एनटीईएस का उपयोग किया जा सकता है।