सूबेदारगंज-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल ट्रेन के समय में बदलाव, दो ट्रेनों के फेरे भी होंगे निरस्त

प्रयागराज। रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। तकनीकी कारणों से गाड़ी संख्या 04125/04126 सूबेदारगंज?बांद्रा टर्मिनस सुपरफास्ट साप्ताहिक विशेष ट्रेन के समय में संशोधन किया गया है। यह ट्रेन सूबेदारगंज से 24 और 31 अगस्त को तथा बांद्रा टर्मिनस से 25 अगस्त और 1 सितंबर को चलेगी।

कई प्रमुख स्टेशनों पर बदला समय

संशोधित समय के अनुसार ट्रेन संख्या 04125 सूबेदारगंज से सुबह 5:50 बजे रवाना होगी। फतेहपुर में 6:55 से 6:57 बजे, गोविंदपुरी में 8:20 से 8:25 बजे, इटावा में 10:18 से 10:30 बजे, टूंडला में 12:25 से 12:30 बजे और ईदगाह में 1:10 से 1:15 बजे तक ठहराव रहेगा।

इसके बाद ट्रेन फतेहपुर सीकरी, रूपबास, बयाना, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर और कोटा होते हुए रतलाम, वडोदरा, सूरत, वापी और बोरीवली पहुंचेगी। ट्रेन का बांद्रा टर्मिनस पहुंचने का समय सुबह 9:30 बजे निर्धारित किया गया है।

वापसी में गाड़ी संख्या 04126 बांद्रा टर्मिनस से शाम 5 बजे रवाना होगी। यह बोरीवली, वापी, सूरत, वडोदरा, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, बयाना, रूपबास, फतेहपुर सीकरी, ईदगाह, टूंडला, इटावा, गोविंदपुरी और फतेहपुर होते हुए सूबेदारगंज पहुंचेगी।

कानपुर-एलटीटी स्पेशल के तीन फेरे रद्द

रेल प्रशासन ने बताया कि गाड़ी संख्या 04151/04152 कानपुर सेंट्रल?लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल के तीन-तीन फेरों को निरस्त किया जाएगा। गाड़ी संख्या 04151 के कानपुर सेंट्रल से 11, 18 और 25 सितंबर 2026 के फेरे तथा 04152 के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 12, 19 और 26 सितंबर 2026 के फेरे नहीं चलेंगे।

सूबेदारगंज-एलटीटी स्पेशल के फेरे भी निरस्त

इसके अलावा गाड़ी संख्या 04115/04116 सूबेदारगंज?लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल के नियमितीकरण के कारण इसके निर्धारित फेरे भी निरस्त किए जा रहे हैं। गाड़ी संख्या 04115 के सूबेदारगंज से 27 अगस्त 2026 से 26 दिसंबर 2030 तक प्रत्येक गुरुवार और 04116 के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 28 अगस्त 2026 से 27 दिसंबर 2030 तक प्रत्येक शुक्रवार के फेरे निरस्त रहेंगे।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के संशोधित समय और संचालन की स्थिति की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।