त्योहारों में यात्रियों को राहत, प्रयागराज-दादरी स्पेशल ट्रेन का संचालन तीन महीने बढ़ा

त्योहारों में यात्रियों को राहत, प्रयागराज-दादरी स्पेशल ट्रेन का संचालन तीन महीने बढ़ा

प्रयागराज। आगामी त्योहारों के मद्देनजर यात्रियों की बढ़ती मांग और सुविधा को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने गाड़ी संख्या 02417/02418 प्रयागराज-दादरी-प्रयागराज स्पेशल ट्रेन के संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। ट्रेन अब सितंबर से नवंबर तक यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा प्रदान करेगी।

गाड़ी संख्या 02417 प्रयागराज-दादरी स्पेशल का संचालन 1 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन किया जाएगा। इस दौरान ट्रेन के कुल 91 फेरे होंगे। वहीं, गाड़ी संख्या 02418 दादरी-प्रयागराज स्पेशल का संचालन 2 सितंबर से 1 दिसंबर 2026 तक प्रतिदिन होगा और इसके भी कुल 91 फेरे निर्धारित किए गए हैं।

रेलवे के अनुसार, विस्तारित अवधि में ट्रेन अपने वर्तमान मार्ग, ठहराव, समय-सारणी और संचालन व्यवस्था के अनुसार ही चलेगी। इससे त्योहारों के दौरान प्रयागराज और दादरी के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

21 कोच की होगी ट्रेन

प्रयागराज-दादरी स्पेशल ट्रेन में कुल 21 कोच होंगे। इनमें दो एसएलआर/डी, पांच सामान्य श्रेणी, दस स्लीपर श्रेणी, तीन वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और एक वातानुकूलित प्रथम श्रेणी का कोच शामिल है। उत्तर मध्य रेलवे के इस निर्णय से त्योहारों के सीजन में यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।