कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर महाप्रबंधक ने भुसावल मंडल के प्रमुख स्टेशनों का किया निरीक्षण

नासिक। आगामी कुंभ मेले को देखते हुए मध्य रेल प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री राजीव श्रीवास्तव ने 22 अगस्त 2026 को भुसावल मंडल के प्रमुख स्टेशनों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने देवलाली, नासिक रोड, ओढ़ा, कसबे सुकेने और खेरवाड़ी स्टेशनों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने यात्री सुविधाओं, बुनियादी ढांचे, सुरक्षा एवं संरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यात्रियों की आवाजाही और आपातकालीन तैयारियों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं और यात्रियों की संभावित बढ़ी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यात्री आवागमन के साथ भीड़ को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान भुसावल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री पुनीत अग्रवाल सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।