17.23 करोड़ रुपये से बदला छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन का स्वरूप, आधुनिक सुविधाओं और स्थानीय विरासत का बना संगम

नागपुर। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल स्थित छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन का करीब 17.23 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास कार्य पूरा हो गया है। आधुनिक अवसंरचना, अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं और स्थानीय सांस्कृतिक विरासत से सुसज्जित यह स्टेशन अब क्षेत्र की नई पहचान बनकर उभरा है।

रेलवे के अनुसार स्टेशन भवन को आधुनिक फसाड के साथ विकसित किया गया है, जिसमें छिंदवाड़ा की स्थानीय स्थापत्य शैली और सांस्कृतिक विरासत को प्रमुखता दी गई है। स्टेशन परिसर में विशाल कैनोपी, दो भव्य प्रवेश द्वार, आकर्षक सीएनसी जालियां, ऊर्जा दक्ष एलईडी प्रकाश व्यवस्था, आधुनिक सीसीटीवी निगरानी प्रणाली तथा पातालकोट, देवगढ़ किला और जनजातीय संस्कृति को दर्शाने वाली थ्री-डी कलाकृतियां स्थापित की गई हैं।

यात्रियों की सुविधा के लिए प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी वातानुकूलित प्रतीक्षालय, आधुनिक शौचालय, बेहतर पेयजल व्यवस्था, फूड प्लाजा, अमृत बेबी फीडिंग कॉर्नर, दिव्यांगजन-अनुकूल टिकट काउंटर, डिजिटल साइनेज, अत्याधुनिक ट्रेन सूचना प्रणाली और पर्याप्त बैठने की व्यवस्था विकसित की गई है।

स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज और छह नए प्लेटफॉर्म शेल्टर बनाए गए हैं। वहीं दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग, बेहतर आगमन-निकास मार्ग और आधुनिक भीड़ प्रबंधन प्रणाली भी विकसित की गई है।

रेलवे ने सुरक्षा के लिए पूरे स्टेशन परिसर में सीसीटीवी निगरानी, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था और डिजिटल सूचना प्रणाली स्थापित की है। इसके अलावा दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए बाधारहित आवागमन, विशेष टिकट काउंटर और अन्य समावेशी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास आधुनिक रेल अवसंरचना और स्थानीय सांस्कृतिक विरासत के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। इससे यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलने के साथ-साथ क्षेत्र के पर्यटन, व्यापार और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।