त्रिकुटा पर्वत पर धुंध से हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित, श्रद्धालुओं की बढ़ी संख्या

कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा सहित मां वैष्णो देवी के भवन क्षेत्र में शनिवार को मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन त्रिकुटा पर्वत की ऊंची चोटियों पर दिनभर घनी धुंध छाई रही। इसके चलते हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित हुई और उड़ानों के संचालन में दिक्कतें बनी रहीं।

दोपहर बाद आसमान में बादल छाने से उमस भरी गर्मी से श्रद्धालुओं को कुछ राहत मिली। सुहावने मौसम के बीच देशभर से कटड़ा पहुंच रहे श्रद्धालुओं में मां वैष्णो देवी के दर्शन को लेकर खासा उत्साह नजर आया। श्रद्धालु परिवार सहित मां के जयकारे लगाते हुए पारंपरिक मार्ग से भवन की ओर रवाना होते रहे।

शनिवार को सप्ताहांत होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। शाम छह बजे तक करीब 20 हजार श्रद्धालु आरएफआईडी पंजीकरण करवाकर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। यात्रा मार्ग और कटड़ा में दिनभर मां के जयकारों से भक्तिमय माहौल बना रहा।

वहीं, त्रिकुटा पर्वत के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में धुंध के कारण हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित होने पर कई श्रद्धालुओं ने पारंपरिक मार्ग का सहारा लिया। मौसम साफ होने के बावजूद पर्वतीय क्षेत्र में धुंध बनी रहने से हेलिकॉप्टर उड़ानों का संचालन सामान्य नहीं हो सका। देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं के कटड़ा पहुंचने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।