जम्मू-कश्मीर को मिलेगी तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस, नवरात्रि के आसपास शुरू होने की संभावना

जम्मू-कश्मीर को मिलेगी तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस, नवरात्रि के आसपास शुरू होने की संभावना

जम्मू से श्रीनगर के बीच बढ़ेगा रेल सफर का विकल्प, उधमपुर और कटड़ा में होगा ठहराव

जम्मू-कश्मीर के यात्रियों और माता वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं के लिए रेलवे बड़ी सौगात देने की तैयारी में है। जम्मू तवी और श्रीनगर के बीच तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की घोषणा की गई है। नई ट्रेन के सितंबर 2026 में या नवरात्रि के आसपास शुरू होने की संभावना है। इससे जम्मू और श्रीनगर के बीच यात्रियों को तेज और सुविधाजनक रेल यात्रा का एक और विकल्प मिलेगा।

रेलवे के अनुसार, जम्मू-श्रीनगर रेल मार्ग पर पहले से संचालित दोनों वंदे भारत ट्रेनें लगातार अच्छी मांग के साथ चल रही हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त वंदे भारत सेवा को मंजूरी दी गई है। नई ट्रेन के संचालन से जम्मू-कश्मीर रेल कॉरिडोर की यात्री क्षमता बढ़ने की उम्मीद है।

उधमपुर और कटड़ा में होगा ठहराव

नई वंदे भारत एक्सप्रेस जम्मू तवी से रवाना होकर शहीद कैप्टन तुषार महाजन उधमपुर स्टेशन और श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा स्टेशन पर रुकेगी। इसके बाद ट्रेन सीधे श्रीनगर पहुंचेगी। नवरात्रि के दौरान वैष्णो देवी आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने को देखते हुए नई ट्रेन का संचालन इस अवधि के आसपास शुरू किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

प्रस्तावित समय-सारणी

नई वंदे भारत एक्सप्रेस जम्मू तवी से सुबह 10:30 बजे रवाना होकर 11:30 बजे उधमपुर पहुंचेगी। यहां से 12:10 बजे कटड़ा के लिए रवाना होकर दोपहर 3:10 बजे श्रीनगर पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन श्रीनगर से शाम 4:00 बजे रवाना होगी और 6:55 बजे कटड़ा, 7:30 बजे उधमपुर पहुंचने के बाद रात 8:40 बजे जम्मू तवी पहुंचेगी।

कितना होगा किराया?

नई ट्रेन का आधिकारिक किराया रेलवे की ओर से घोषित होने के बाद ही स्पष्ट होगा। मौजूदा जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेनों के किराये के आधार पर नई सेवा का किराया लगभग इसी दायरे में रहने की संभावना है।

मौजूदा वंदे भारत एक्सप्रेस 26401 में एसी चेयर कार का किराया 855 रुपये और एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 1,585 रुपये है। वहीं 26403 में एसी चेयर कार का किराया 1,020 रुपये और एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 1,780 रुपये है।

नई वंदे भारत के संचालन से जम्मू, उधमपुर, कटड़ा और श्रीनगर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलने के साथ पर्यटन और धार्मिक यात्रा को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।