कटड़ा में 22 अगस्त को गूंजेगा मां वैष्णो देवी का जयघोष, फवारा चौक पर होगी भव्य महाआरती

कटड़ा। मां वैष्णो देवी की पावन नगरी कटड़ा में शनिवार, 22 अगस्त की शाम श्रद्धा और भक्ति से सराबोर होने वाली है। फवारा चौक, मुख्य बस अड्डा पर शाम 7 बजे श्री माता वैष्णो देवी जी की भव्य महाआरती एवं दिव्य भक्ति संध्या का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

इस भव्य आयोजन की तैयारियों को लेकर श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित शास्त्री की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में महाआरती की तैयारियों, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम को भव्य एवं आध्यात्मिक स्वरूप देने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में डीआईजी शिव कुमार शर्मा, एसपी कटड़ा कामेश्वर पुरी, भाजपा जिला अध्यक्ष रोहित दुबे, अरुण शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक और आयोजन से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे।

श्रद्धा और सनातन संस्कृति का होगा अद्भुत संगम

महंत रोहित शास्त्री ने कहा कि मां भगवती के पावन चरणों में होने वाली महाआरती श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम होगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर मां वैष्णो देवी का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट तथा श्री रघुनाथ आरती संस्थान, जम्मू के संयुक्त तत्वावधान में होने वाला यह आयोजन धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। महाआरती के साथ दिव्य भक्ति संध्या का आयोजन भी होगा, जिससे कटड़ा का वातावरण मां की भक्ति और जयकारों से गूंज उठेगा।

आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे समय से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर इस पावन अवसर के साक्षी बनें। उम्मीद है कि महाआरती के दौरान ?जय माता दी? के जयघोष से पूरा कटड़ा भक्तिमय हो उठेगा।

कार्यक्रम एक नजर में

कार्यक्रम: श्री माता वैष्णो देवी जी की भव्य महाआरती एवं दिव्य भक्ति संध्या

दिन: 22 अगस्त, शनिवार

समय: शाम 7 बजे

स्थान: फवारा चौक, मुख्य बस अड्डा, कटड़ा