महाप्रबंधक ने बरेली सिटी–मथुरा छावनी रेलखंड का किया निरीक्षण

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक एवं अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन, लखनऊ के महानिदेशक प्रभाष दनसाना ने शनिवार को इज्जतनगर मंडल के बरेली सिटी मथुरा छावनी रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर वीणा सिन्हा सहित मंडल के विभिन्न शाखाधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों, स्टेशन भवनों, रेल यार्ड, रेल पथ, ओवरहेड विद्युत उपकरण, पुलों और समपार फाटकों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने रेल परिसंपत्तियों की स्थिति के साथ ही निर्माण एवं अनुरक्षण कार्यों की गुणवत्ता, संरचनात्मक मानकों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।

महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। रेल पथ एवं अन्य रेल परिसंपत्तियों का नियमित अनुरक्षण सुनिश्चित करने के साथ निर्माण और मरम्मत कार्यों में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने संरचनाओं की गुणवत्ता और निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा निर्माण एवं अनुरक्षण कार्यों की नियमित निगरानी के भी निर्देश दिए। महाप्रबंधक ने अधिकारियों से कहा कि रेल संचालन की सुरक्षा और यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।