जलभराव में डूबी प्रेम नगर कॉलोनी, विकास के दावों पर उठे सवाल!

जलभराव में डूबी प्रेम नगर कॉलोनी, विकास के दावों पर उठे सवाल!

सड़क-नाली के लिए महिलाओं ने घेरा ब्लॉक परिसर, बीडीओ को सौंपा ज्ञापन; बोलीं बारिश में घर से निकलना भी बना आफत,आखिर कब जागेगा प्रशासन?

हरदोई/सुरसा

.

विकास खंड सुरसा की प्रेम नगर कॉलोनी में सड़क और नाली की बदहाल व्यवस्था ने जिम्मेदारों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बरसात शुरू होते ही कॉलोनी की गलियां जलभराव की चपेट में आ जाती हैं और लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। समस्या से परेशान कॉलोनीवासियों ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सुरसा को प्रार्थना-पत्र सौंपकर सड़क एवं नाली निर्माण की मांग की।

कॉलोनीवासियों का आरोप है कि बारिश के दौरान गलियों में पानी भरने से सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ती है। बच्चों को स्कूल जाने में दिक्कत होती है और रोजमर्रा की जिंदगी भी प्रभावित हो रही है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि जब आम जनता जलभराव से जूझ रही है तो जिम्मेदारों की नजर आखिर इस बदहाली पर कब पड़ेगी?

कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रेम नगर कॉलोनी में पक्की सड़क और नाली का निर्माण तत्काल कराया जाए, ताकि हर बारिश में सामने आने वाली जलभराव की समस्या से स्थायी निजात मिल सके।

इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। इनमें दीपिका सिंह, मोहिनी, रेखा, प्रेमा देवी, मीरा, अनुराधा पाल, राधिका, ज्योति, अलका, संजना बाजपेयी, अर्चना दीक्षित, मोहिनी बाजपेयी सहित अन्य कॉलोनीवासी शामिल रहे।

कागजों में विकास की रफ्तार भले तेज हो, लेकिन प्रेम नगर की गलियों में पानी देखकर लगता है कि विकास की नाव अभी किनारे तक पहुंची ही नहीं। अब देखना यह है कि ज्ञापन फाइलों में धूल खाता है या जिम्मेदारों की कुर्सी तक पहुंचकर व्यवस्था को सच में हिलाता है।

#DMHardoi #जनताकीसवाल