कंडौहुना पहुंचे रामज्ञान गुप्ता, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं; बोले- जलनिकासी और सड़क मरम्मत नहीं हुई तो तेज होगा आंदोलन

हरदोई सदर में बदहाल सड़कों और जलभराव पर सपा नेता का हमला

कंडौहुना पहुंचे रामज्ञान गुप्ता, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं; बोले- जलनिकासी और सड़क मरम्मत नहीं हुई तो तेज होगा आंदोलन

#हरदोई
.
सदर विधानसभा क्षेत्र में बदहाल सड़कों और जलभराव की समस्या को लेकर समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव रामज्ञान गुप्ता ने ग्राम कंडौहुना पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों को हरसंभव मदद का आश्वासन देते हुए कहा कि जरा सी बारिश में सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि समस्या के स्थायी समाधान के बजाय आंखें मूंदे बैठे हैं।

रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही नगर की अधिकांश सड़कें जलभराव के कारण क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। हरदोई मुख्यालय से जुड़ने वाले संपर्क मार्गों के अलावा नघेटा रोड, मेडिकल कॉलेज, आरआर इंटर कॉलेज और बाल विद्या भवन जाने वाले मार्गों की स्थिति भी बेहद खराब है।

उन्होंने मन्नापुरवा के निकट लखनऊ मार्ग, बिलग्राम चुंगी मार्ग, गुरुगुज्जा, राधानगर, इंदिरानगर, हरीपुरवा, चांद बेहटा, मंगली पुरवा रोड, मिल रोड, आवास विकास कॉलोनी, आशा नगर, सुभाष नगर, आजाद नगर, कृष्णानगरिया, देविनपुरवा, कौशलपुरी और सर्कुलर रोड सहित कई इलाकों में जलभराव की समस्या का आरोप लगाया।

रामज्ञान गुप्ता ने आरोप लगाया कि सड़क, नालों-नालियों और जलनिकासी के लिए आने वाले बजट का उचित उपयोग नहीं होने के कारण जनता को हर वर्ष जलभराव और टूटी सड़कों की समस्या से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र, मरीज, व्यापारी और आम नागरिक सबसे ज्यादा परेशान हैं।

उन्होंने बताया कि कंडौहुना रोड पर सोमवार को ई-रिक्शा पलटने से कई लोगों को चोटें आईं और एक मासूम बच्चे का पैर टूट गया। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

सपा नेता ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जलनिकासी की व्यवस्था और सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं कराया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी सड़क और जलभराव की बदहाली पर नाराजगी जताते हुए स्थायी समाधान की मांग की।

इस मौके पर समाजवादी व्यापार सभा के जिला महासचिव अवनीश यादव, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव दीपू, आकाश यादव, ठाकुर अंकित सिंह, श्याम गुप्ता, शुभम गुप्ता, सोनू गुप्ता, कपिल, रिंकू राजवंशी, राकेश, रवि शंकर, आशीष, शिवम, उमेश, सुभाष, मुकेश, बालकराम, सौरभ, नन्हे, प्रिंस, निखिल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।