अहमदाबाद मंडल में रेलखंड का व्यापक निरीक्षण, यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों की समीक्षा

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने अहमदाबाद?कलोल?मेहसाणा?पाटन?भिलड़ी?पालनपुर रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत निर्माण कार्यों, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण की शुरुआत कलोल स्टेशन से हुई। यहां डीआरएम ने प्लेटफॉर्म, स्टेशन मास्टर कार्यालय, सामान्य एवं वातानुकूलित प्रतीक्षालय, आरक्षण काउंटर, विश्राम कक्ष तथा रिटायरिंग रूम का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन की छत पर लगाए गए सौर ऊर्जा पैनलों का भी निरीक्षण किया। साथ ही निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज के कार्य की प्रगति देखते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके बाद मेहसाणा स्टेशन पर डीआरएम ने विभिन्न प्लेटफॉर्मों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, यात्रियों की आवाजाही और उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

पाटन स्टेशन पर निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज का भी निरीक्षण किया गया। करीब 12 मीटर चौड़े इस फुट ओवरब्रिज में यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट की व्यवस्था भी की जाएगी। डीआरएम ने स्टेशन भवन, प्रतीक्षालय, स्टेशन मास्टर कार्यालय और प्लेटफॉर्मों का निरीक्षण किया तथा स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद कर स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की जानकारी साझा की।

भिलड़ी स्टेशन पर डीआरएम ने प्रतीक्षालय, शौचालय, निर्माणाधीन रनिंग रूम, लॉबी, रिटायरिंग रूम, प्लेटफॉर्म, लिफ्ट, एसएसई कार्यालय, नियंत्रण कक्ष और स्टोर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने स्थानीय दुकानदारों और लोगों से भी संवाद कर उनकी समस्याएं तथा स्टेशन से जुड़े स्थानीय मुद्दों की जानकारी ली।

पालनपुर स्टेशन पर रिटायरिंग रूम, प्रतीक्षालयों और सभी प्लेटफॉर्मों का निरीक्षण किया गया। डीआरएम ने स्टेशन परिसर में स्थित डाकघर का दौरा कर कर्मचारियों से भी बातचीत की और डाक के आगमन, संग्रहण एवं वितरण की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

इस दौरान पालनपुर के विधायक अनिकेत ठाकर के साथ बैठक भी हुई। बैठक में क्षेत्र में रेल सुविधाओं और अधोसंरचना के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। विशेष रूप से भूमिगत मार्ग, समपार फाटक और सड़क के ऊपर बनने वाले पुल से संबंधित विकास कार्यों तथा क्षेत्र की यात्री आवश्यकताओं पर विचार-विमर्श किया गया।

डीआरएम वेद प्रकाश ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा और समयबद्धता के साथ यात्रियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। निरीक्षण के दौरान अहमदाबाद मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।