अहमदाबाद-भागलपुर के बीच चलेगी साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस, 26 अगस्त से नियमित सेवा

अहमदाबाद। गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी सौगात दी है। पश्चिम रेलवे द्वारा अहमदाबाद-पटना-अहमदाबाद साप्ताहिक क्लोन स्पेशल ट्रेन को नियमित करते हुए अब इसे अहमदाबाद-भागलपुर-अहमदाबाद साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में संचालित किया जाएगा।

गाड़ी संख्या 19423 अहमदाबाद-भागलपुर अमृत भारत एक्सप्रेस की नियमित सेवा 26 अगस्त 2026 से शुरू होगी, जबकि वापसी में गाड़ी संख्या 19424 भागलपुर-अहमदाबाद अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन 28 अगस्त 2026 से किया जाएगा।

बुधवार को अहमदाबाद से रवाना होगी ट्रेन

गाड़ी संख्या 19423 प्रत्येक बुधवार को अहमदाबाद से शाम 6:30 बजे रवाना होकर शुक्रवार सुबह 6:40 बजे भागलपुर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 19424 प्रत्येक शुक्रवार को भागलपुर से शाम 4:45 बजे चलेगी और रविवार सुबह 5:25 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।

कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव

अहमदाबाद और भागलपुर के बीच दोनों दिशाओं में ट्रेन के आणंद, छायापुरी, गोधरा, दाहोद, रतलाम, भवानी मंडी, रामगंज मंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, हिंडौन सिटी, बयाना, ईदगाह आगरा, टूंडला, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, किऊल, अभयपुर, जमालपुर और सुल्तानगंज समेत प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव होंगे।

ट्रेन में स्लीपर श्रेणी, सामान्य श्रेणी और रसोई यान के कोच लगाए जाएंगे।

21 अगस्त से शुरू होगी बुकिंग

ट्रेन संख्या 19423 की बुकिंग 21 अगस्त 2026 से सभी आरक्षण केंद्रों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू होगी। इस नियमित सेवा से गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रमुख शहरों के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा और यात्रियों को सप्ताह में एक दिन सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होगी।

यात्री ट्रेन के समय, ठहराव और कोच संरचना की विस्तृत जानकारी रेलवे की यात्री सूचना सेवा की वेबसाइट पर देख सकते हैं।