सक्ती में ऑनलाइन सट्टा के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार; 16 हजार के मोबाइल जब्त

CITIUPDATE NEWS( संतोष सारथी)जिले में अवैध जुआ, सट्टा और ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ सक्ती पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत थाना सक्ती पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खिलाने और खेलने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सट्टा गतिविधियों में इस्तेमाल किए जा रहे दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 16 हजार रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले में अवैध जुआ, सट्टा और नशीले पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी सक्ती डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना सक्ती पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर सट्टा गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी।

इसी दौरान 19 अगस्त 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बुधवारी बाजार पानी टंकी के पास समीर खान नाम का व्यक्ति मोबाइल और व्हाट्सएप के माध्यम से सट्टा के अंक लिखवाकर लोगों से रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगवा रहा है।

सूचना मिलते ही थाना सक्ती पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे समीर खान को पुलिसकर्मियों ने पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से रेडमी नोट कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 7 हजार रुपये है।

मोबाइल की जांच करने पर व्हाट्सएप चैट में सुरेश अग्रवाल के मोबाइल नंबर पर सट्टा के अंक लिखकर ?कल्याण? में लगाने संबंधी बातचीत सामने आई। पुलिस द्वारा सट्टा खिलाने से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिए जाने पर आरोपी ने कोई वैध दस्तावेज नहीं होने की बात लिखित रूप से स्वीकार की। पूछताछ में उसने अपने मोबाइल में संबंधित नंबर को ?सुरेश खान/सुरेश अग्रवाल? के नाम से सेव कर व्हाट्सएप के जरिए सट्टा के अंक लिखवाकर सट्टा खिलाने की जानकारी दी।


इसके बाद पुलिस टीम ने सुरेश चंद अग्रवाल की तलाश शुरू की। घेराबंदी कर उसे भी पकड़ लिया गया। उसके कब्जे से रियलमी कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। मोबाइल की जांच में व्हाट्सएप पर समीर खान का नंबर सेव मिला और दोनों के बीच सट्टा के अंक लिखकर ?कल्याण? में लगाने संबंधी बातचीत पाई गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से सट्टा गतिविधियों में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मोबाइल की कुल कीमत करीब 16 हजार रुपये है। जांच में आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में समीर खान, पिता अब्दुल गफ्फार खान, उम्र 32 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 03 राजापारा, सक्ती तथा सुरेश चंद अग्रवाल, पिता रामकरण अग्रवाल, उम्र 66 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 09 अखराभाठा रोड, सक्ती शामिल हैं।

सक्ती पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार के जुआ, सट्टा और ऑनलाइन सट्टा कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सट्टा खेलने और खिलाने वाले लोगों की पहचान कर उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है और उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जुआ, सट्टा और ऑनलाइन सट्टे के अवैध कारोबार से दूर रहें। यदि किसी व्यक्ति को ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।