दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय में गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय में गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने ध्वजारोहण कर रेल परिवार को दी शुभकामनाएं, उपलब्धियों का किया उल्लेख

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय, बिलासपुर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। मुख्यालय परिसर में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत की धुन से पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा।

समारोह में रेलवे सुरक्षा बल, नागरिक सुरक्षा, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस, एनसीसी तथा स्काउट-गाइड के जवानों और स्वयंसेवकों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की। आरपीएफ बैंड की शानदार प्रस्तुति ने समारोह में देशभक्ति और उत्साह का रंग भर दिया।

अपने संबोधन में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने रेलकर्मियों एवं उनके परिवारजनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन देश के स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान, साहस और राष्ट्रभक्ति को नमन करने का अवसर है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे देश की एकता, प्रगति और आत्मनिर्भरता के संकल्प को साकार करने वाली महत्वपूर्ण जीवनरेखा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे भी सुरक्षित, समयबद्ध, आधुनिक और यात्री-केंद्रित रेल सेवाओं के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

यात्री सुविधाओं और स्टेशनों के आधुनिकीकरण पर जोर

महाप्रबंधक ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्टेशनों के आधुनिकीकरण, यात्री सुविधाओं के विस्तार और डिजिटल सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 15 स्टेशनों पर विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं, जबकि इनमें से छह स्टेशनों का हाल ही में प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन किया गया।

गत वर्ष 14 एस्केलेटर, पांच लिफ्ट और 12 नए फुट ओवर ब्रिज उपलब्ध कराए गए। दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए 207 स्टेशनों को व्हीलचेयर के अनुकूल बनाया गया है।

माल ढुलाई में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की बड़ी उपलब्धि

माल ढुलाई के क्षेत्र में भी दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 261.25 मिलियन टन माल लदान किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3.2 प्रतिशत अधिक रहा। इससे 30,410 करोड़ रुपये की मालभाड़ा आय अर्जित हुई और इस मामले में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे भारतीय रेलवे में प्रथम स्थान पर रहा। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जुलाई तक 87.56 मिलियन टन माल लदान किया जा चुका है।

सुरक्षित रेल परिचालन के लिए ?कवच? का विस्तार

संरक्षित रेल परिचालन को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक सिग्नलिंग और स्वदेशी सुरक्षा प्रणाली ?कवच? के विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। बिलासपुर-चांपा खंड में 50 मार्ग किलोमीटर पर कवच की कमीशनिंग तथा कलमना-सालवा खंड में कवच के उच्च संस्करण का सफल परीक्षण पूरा किया गया है। अब तक 255 रेल इंजनों में कवच प्रणाली स्थापित की जा चुकी है।

इसके अलावा गत वर्ष 22 रोड ओवर ब्रिज और 29 रोड अंडर ब्रिज का निर्माण पूरा किया गया, जबकि 36 समपार फाटकों को स्थायी रूप से बंद किया गया है।

कर्मचारियों के कल्याण और पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान

महाप्रबंधक ने कहा कि रेलकर्मी रेलवे की सबसे बड़ी ताकत हैं। अप्रैल से जुलाई 2026 के दौरान 4,513 नए कर्मचारियों ने रेलवे परिवार में सेवाएं शुरू की हैं। कर्मचारियों के कैरियर विकास और कल्याण के लिए पदोन्नति, सुनिश्चित कैरियर प्रगति, प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति और वित्तीय प्रोत्साहन जैसी विभिन्न पहलें की जा रही हैं।

पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में गत वर्ष 2,264 किलोवाट पीक क्षमता के सौर संयंत्र स्थापित किए गए। वहीं चालू वित्तीय वर्ष में जुलाई 2026 तक 1,981 किलोवाट पीक क्षमता के अतिरिक्त सौर संयंत्र शुरू किए जा चुके हैं। रूफटॉप सोलर संयंत्रों से 1.71 करोड़ रुपये की बचत के साथ करीब 4,924 टन कार्बन उत्सर्जन में कमी दर्ज की गई है।

आरपीएफ के सामाजिक सरोकारों की सराहना

महाप्रबंधक ने रेलवे सुरक्षा बल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा के साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने ?ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते?, ?ऑपरेशन अमानत?, ?ऑपरेशन यात्री सुरक्षा? तथा मादक पदार्थों और अवैध टिकट दलालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की उपलब्धियों का उल्लेख किया।

मैकेनिकल, सतर्कता, राजभाषा, चिकित्सा, भंडार और खेल सहित विभिन्न विभागों की उपलब्धियों की भी सराहना की गई। रायपुर वैगन रिपेयर शॉप ने 5,747 वैगनों के साथ अब तक का सर्वाधिक पीओएच आउटटर्न हासिल किया, जबकि मोतीबाग वर्कशॉप ने 490 कोचों का सर्वाधिक वार्षिक आवधिक अनुरक्षण किया। मोतीबाग वर्कशॉप को पहली बार प्रतिष्ठित ग्रीनको गोल्ड रेटिंग भी मिली है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह में स्कूली बच्चों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और देशभक्ति से ओत-प्रोत समूह नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं। नन्हे कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित रेल परिवार और अतिथियों का मन मोह लिया तथा पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया।

समारोह में अपर महाप्रबंधक, सभी प्रमुख विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि, रेलकर्मियों के परिजन, सेवानिवृत्त रेलकर्मी, मीडिया प्रतिनिधि तथा रेलवे स्कूल के बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने सभी रेलकर्मियों एवं उनके परिवारजनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सेवा, संरक्षा, समर्पण और उत्कृष्टता के साथ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।