अग्निशमन केंद्रों पर साप्ताहिक ड्रिल, उपकरणों की जांच कर कर्मियों को कराया गया अभ्यास

मुरादाबाद। अपर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवा, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में जनपद के अग्निशमन केंद्रों पर प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को नियमित मॉक ड्रिल, उपकरणों की साफ-सफाई और उनकी क्रियाशीलता की जांच कराई जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को माह की तीसरी साप्ताहिक ड्रिल का आयोजन किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के आदेश एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में हैलेट रोड, कटघर, ठाकुरद्वारा, कांठ और बिलारी स्थित अग्निशमन केंद्रों पर प्रभारी अग्निशमन अधिकारियों द्वारा सभी अग्निशमन कर्मियों को फॉलिन कर साप्ताहिक ड्रिल कराई गई।

ड्रिल के दौरान अग्निशमन विभाग में उपलब्ध विभिन्न उपकरणों के नाम, उनकी प्रयोग विधि और क्षमता के बारे में कर्मियों को जानकारी दी गई। आग बुझाने और रेस्क्यू कार्य के दौरान अग्निशमन वाहनों पर उपलब्ध उपकरणों के इस्तेमाल में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

इसके साथ ही सभी उपकरणों की साफ-सफाई कर उनकी क्रियाशीलता की जांच की गई और उन्हें तत्काल आपात स्थिति में उपयोग के लिए तैयार रखा गया। अधिकारियों ने बताया कि नियमित ड्रिल और उपकरणों की जांच से अग्निशमन कर्मियों की शारीरिक दक्षता के साथ-साथ आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की क्षमता भी मजबूत होती है।