काठ रोड और दिल्ली रोड के कांवड़ शिविरों में अग्नि सुरक्षा की जांच

मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पसिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के आदेश पर कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर अग्निशमन विभाग ने काठ रोड और दिल्ली रोड पर लगाए गए शिविरों एवं पंडालों में विशेष अग्नि सुरक्षा जांच अभियान चलाया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय एवं मुरादाबाद अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में अग्निशमन टीम ने शिविरों और पंडालों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान गैस सिलेंडरों के आसपास बालू और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई, ताकि आपात स्थिति में तत्काल आग पर काबू पाया जा सके।

अग्निशमन कर्मियों ने शिविर संचालकों एवं स्वयंसेवकों को गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों और आग पर सुरक्षित तरीके से काबू पाने का प्रशिक्षण भी दिया। साथ ही पंडालों में लगे विद्युत तारों की जांच करते हुए खुले एवं असुरक्षित तारों को टेपिंग कराने के निर्देश दिए गए।

अग्निशमन विभाग ने शिविर संचालकों से अपील की कि कांवड़ यात्रा के दौरान अग्नि सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन हमेशा तैयार रखें। अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए ऐसे निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।