बाल वाटिका में नन्हे बच्चों ने देशभक्ति के रंग में मनाया स्वतंत्रता दिवस

बाल वाटिका में नन्हे बच्चों ने देशभक्ति के रंग में मनाया स्वतंत्रता दिवस

बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, अस्पताल में भर्ती रेलकर्मियों को बांटे फल और बिस्कुट

प्रयागराज। प्रयागराज मंडल की महिला कल्याण समिति द्वारा संचालित बाल वाटिका स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महिला कल्याण समिति, प्रयागराज मंडल की अध्यक्षा वंदना अग्रवाल ने नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ ध्वजारोहण किया। तिरंगा फहराते ही पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।

इस अवसर पर वंदना अग्रवाल ने कहा कि बाल वाटिका केवल पढ़ाई और खेलकूद का स्थान नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की मजबूत आधारशिला है। यहां बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, स्वच्छता, सहयोग और देशप्रेम की भावना भी सिखाई जा रही है। उन्होंने कहा कि आज के नन्हे बच्चे ही भविष्य में देश के डॉक्टर, वैज्ञानिक, शिक्षक, सैनिक और राष्ट्र निर्माता बनेंगे।

देशभक्ति प्रस्तुतियों ने मोहा मन

स्वतंत्रता दिवस समारोह में बाल वाटिका के बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत भाषण और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने ?मैं मर भी जाऊं तो वतन आबाद रहेगा?, ?कंधों से मिलते हैं कंधे? तथा ?वंदे मातरम्? और ?रंगीलो मेरो ढोलना? जैसे गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। नन्हे कलाकारों के उत्साह और आत्मविश्वास ने पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति और उल्लास का माहौल बना दिया।

अस्पताल में भर्ती रेलकर्मियों का भी रखा ख्याल

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महिला कल्याण समिति की पदाधिकारियों ने केंद्रीय अस्पताल, उत्तर मध्य रेलवे में उपचाराधीन रेलवे कर्मचारियों से मुलाकात की। समिति की ओर से मरीजों को फल, बिस्कुट और टॉवेल वितरित किए गए तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। इस पहल ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को सेवा और संवेदना से भी जोड़ दिया।

कार्यक्रम में महिला कल्याण समिति की उपाध्यक्षा गुलशन वारिस एवं प्रज्ञा दीपक, सचिव निहारिका, कोषाध्यक्ष अनुश्री, उपसचिव आकांक्षा राणा सहित समिति की सदस्याएं, बाल वाटिका की प्रधानाचार्य मीना सक्सेना, स्कूल कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य मौजूद रहे।