रामदेवरा मेले के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे चलाएगा 4 जोड़ी विशेष ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

रामदेवरा मेले में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए चार जोड़ी विशेष रेल सेवाओं के संचालन का निर्णय लिया है। इनमें भगत की कोठी-रामदेवरा के बीच तीन जोड़ी तथा श्रीगंगानगर-पोकरण के बीच एक जोड़ी मेला विशेष ट्रेन शामिल है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, पहली विशेष ट्रेन संख्या 04861/04862 भगत की कोठी-रामदेवरा-भगत की कोठी 28 अगस्त से 25 सितंबर तक कुल 29 फेरे लगाएगी। भगत की कोठी से ट्रेन सुबह 9:10 बजे रवाना होकर दोपहर 1 बजे रामदेवरा पहुंचेगी। वापसी में रामदेवरा से दोपहर 2 बजे चलकर शाम 5:30 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। इसका ठहराव जोधपुर, राईका बाग, मंडोर, मारवाड़ मथानिया, तिवरी, ओसियां, मारवाड़ लोहावट और फलोदी स्टेशनों पर रहेगा।

दूसरी विशेष ट्रेन संख्या 04863/04864 11 सितंबर से 25 सितंबर तक 15 फेरे लगाएगी। भगत की कोठी से यह ट्रेन सुबह 6:15 बजे रवाना होकर 10:30 बजे रामदेवरा पहुंचेगी। वापसी में रामदेवरा से सुबह 11 बजे चलकर दोपहर 3 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। यह ट्रेन जोधपुर, राईका बाग, महामंदिर, मंडोर, मारवाड़ मथानिया, तिवरी, ओसियां, मारवाड़ लोहावट और फलोदी स्टेशनों पर रुकेगी।

तीसरी विशेष ट्रेन संख्या 04865/04866 भी 11 सितंबर से 25 सितंबर तक 15 फेरे लगाएगी। भगत की कोठी से ट्रेन शाम 4 बजे रवाना होकर रात 9:20 बजे रामदेवरा पहुंचेगी। वापसी में रामदेवरा से रात 10 बजे रवाना होकर अगले दिन तड़के 2 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। इसके ठहराव भी जोधपुर, राईका बाग, महामंदिर, मंडोर, मारवाड़ मथानिया, तिवरी, ओसियां, मारवाड़ लोहावट और फलोदी में रहेंगे।

श्रीगंगानगर-पोकरण के बीच भी विशेष ट्रेन

चौथी विशेष ट्रेन संख्या 04741/04742 श्रीगंगानगर-पोकरण-श्रीगंगानगर 12 सितंबर से 26 सितंबर तक 15 फेरे लगाएगी। श्रीगंगानगर से ट्रेन सुबह 10:15 बजे रवाना होकर शाम 7:50 बजे पोकरण पहुंचेगी। वापसी में पोकरण से रात 8:45 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:50 बजे श्रीगंगानगर पहुंचेगी।

इस ट्रेन का ठहराव केसरीसिंहपुर, श्रीकरणपुर, गजसिंहपुर, रायसिंहनगर, जैतसर, सूरतगढ़, राजियासर, अरजनसर, महाजन, लूणकरनसर, धीरेरा, लालगढ़, कोलायत, फलोदी और रामदेवरा स्टेशनों पर रहेगा।

भगत की कोठी-रामदेवरा की तीनों मेला विशेष ट्रेनों में 12 साधारण श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 14 डिब्बे होंगे। वहीं श्रीगंगानगर-पोकरण विशेष ट्रेन में 15 साधारण श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 17 डिब्बे लगाए जाएंगे।

रेलवे के इस निर्णय से रामदेवरा मेले में दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी और बढ़ते यात्री दबाव को संभालने में भी मदद मिलेगी।