उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, 31 रेलकर्मी सम्मानित

उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, 31 रेलकर्मी सम्मानित

महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने फहराया तिरंगा, 12 दिव्यांग रेलकर्मियों को वितरित की गईं स्कूटी

प्रयागराज। सूबेदारगंज स्थित उत्तर मध्य रेलवे प्रधान कार्यालय में शनिवार को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह, उमंग और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। समारोह का शुभारंभ उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद राष्ट्रगान की गूंज के बीच उपस्थित रेल अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने तिरंगे को सलामी दी।

महाप्रबंधक ने रेलवे सुरक्षा बल, भारत स्काउट एवं गाइड तथा सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड की परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए रेल परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

31 रेलकर्मियों को मिला सम्मान

समारोह के दौरान उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले 25 रेलकर्मियों तथा 6 संविदा सफाई कर्मियों सहित कुल 31 कर्मचारियों को महाप्रबंधक द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित कर्मचारियों में प्रयागराज, झांसी और आगरा मंडल के साथ-साथ मुख्यालय एवं विभिन्न रेल कारखानों के कर्मचारी शामिल रहे।

महाप्रबंधक ने कहा कि रेलकर्मियों की मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण ही रेलवे की सफलता की सबसे बड़ी ताकत है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।

12 दिव्यांग रेलकर्मियों को मिली स्कूटी

समारोह का विशेष आकर्षण उस समय देखने को मिला जब महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह एवं उत्तर मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती हिमा चौहान सिंह ने 12 दिव्यांग रेलकर्मियों को स्कूटी वितरित कीं। इस पहल से दिव्यांग कर्मचारियों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा।

?हर घर तिरंगा-वंदे मातरम्? प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधान कार्यालय में ?हर घर तिरंगा-वंदे मातरम्? विषय पर विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में बनाए गए सेल्फी बूथ पर महाप्रबंधक, महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा, विभागाध्यक्षों, अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने तस्वीरें खिंचवाकर हर घर तिरंगा अभियान में भागीदारी की।

इस दौरान महाप्रबंधक, महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा और अन्य अधिकारियों ने तिरंगे गुब्बारे आसमान में उड़ाकर स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह में आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। टेंडरफीट के बच्चों ने ?गूंज उठा हिंदुस्तान? पर समूह नृत्य प्रस्तुत किया। अपराजिता पटेल एवं मिताली वर्मा ने कथक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। राधा-कृष्ण मयूर रासलीला तथा भारत स्काउट एवं गाइड सूबेदारगंज इकाई की ओर से प्रस्तुत स्वतंत्रता संग्राम पर आधारित नृत्य-नाटिका ने भी खूब तालियां बटोरीं।

रेलवे की उपलब्धियों को किया रेखांकित

अपने स्वतंत्रता दिवस संदेश में महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह ने उत्तर मध्य रेलवे की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए बताया कि जुलाई 2026 तक पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में सकल मूल अर्जन में 13.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यात्री अर्जन में 15 प्रतिशत से अधिक और मालभाड़ा अर्जन में 10.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। टिकट जांच से होने वाली आय में भी 23.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

उन्होंने बताया कि स्क्रैप बिक्री से रेलवे ने 179 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड अर्जन किया है। यात्रियों की सुविधा के लिए भीड़भाड़ वाले समय में हजारों विशेष ट्रिप संचालित की गईं तथा नई ट्रेन सेवाएं शुरू की गईं।

संरक्षा और यात्री सुविधाओं पर विशेष जोर

महाप्रबंधक ने कहा कि ?संरक्षा सदा सर्वोपरि? उत्तर मध्य रेलवे के कार्यों का मूल मंत्र है। उत्तर मध्य रेलवे में अब तक 716 किलोमीटर रेल मार्ग पर कवच प्रणाली लागू की जा चुकी है तथा 303 रेल इंजनों में कवच उपकरण लगाए गए हैं। वहीं यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों पर लिफ्ट, एस्केलेटर, फुटओवर ब्रिज, त्वरित जल आपूर्ति व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने हरित ऊर्जा, डिजिटल तकनीक, कर्मचारी कल्याण और आधुनिक रेल अधोसंरचना के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी। उत्तर मध्य रेलवे में 23.9 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए गए हैं, जिनसे पर्यावरण संरक्षण के साथ राजस्व की बचत भी हो रही है।

सुरक्षा बल और कर्मचारियों की उपलब्धियों की सराहना

महाप्रबंधक ने रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की सराहना करते हुए बताया कि ऑपरेशन ?नन्हे फरिश्ते? के तहत 650 से अधिक बच्चों को सुरक्षित बचाया गया। वहीं मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में 49 लोगों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई।

कर्मचारी कल्याण के क्षेत्र में भी उत्तर मध्य रेलवे की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए उन्होंने बताया कि हजारों कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और लगभग 29 हजार कर्मचारियों को विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से प्रशिक्षित किया गया।

समारोह में उत्तर मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा एवं पदाधिकारी, सभी प्रमुख विभागाध्यक्ष, अधिकारी, रेलकर्मी तथा उनके परिवारजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान ?वंदे मातरम्? और भारत माता की जय के नारों से वातावरण देशभक्ति से सराबोर रहा।