हल्द्वानी की घटना के विरोध में हरदोई में कांग्रेस का मार्च और सत्याग्रह, सामाजिक भेदभाव के खिलाफ उठाई आवाज, AICC आब्जर्वर पवन गोदारा बोले- लोकतांत्रिक तरीके से ऐसी मानसिकता का करेंगे विरोध

हरदोई। हल्द्वानी में कांग्रेस की जनसभा के स्थल को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी के बादगंगाजल से शुद्ध किए जाने की घटना के विरोध में हरदोई में जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त नेतृत्व में मार्च और सत्याग्रह किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घटना को सामाजिक भेदभाव और जातिगत मानसिकता से जोड़ते हुए विरोध जताया।
मार्च जिला कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर तिकुनिया पार्क स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पहुंचा। यहां कांग्रेसजनों ने शांतिपूर्ण सत्याग्रह करते हुए सामाजिक समानता, सामाजिक न्याय और संविधान की मूल भावना की रक्षा का संकल्प लिया।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ऑब्जर्वर पवन गोदारा ने कहा कि किसी व्यक्ति की जाति या सामाजिक पहचान के आधार पर किसी स्थान को अपवित्र मानना संविधान और समानता की भावना के विपरीत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसी मानसिकता का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडेय ने कहा कि हल्द्वानी की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इसे सामाजिक न्याय और समानता की संवैधानिक भावना पर चोट बताया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को बराबरी का सम्मान मिलना चाहिए और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अंशु अवस्थी, कमलेश रस्तोगी, गुफरान कौशल, अजीत सिंह चंदेल, श्रीकांत अग्निहोत्री, आफताब हैदर, मोहन सिंह, ज्ञान प्रकाश पाल, विनीत वर्मा, सुदर्शन दीक्षित, महताब अहमद, ममता पाल समेत जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।