हरदोई सदर तहसील में 20 हजार की रिश्वत लेते कानूनगो गिरफ्तार, विजिलेंस की कार्रवाई से मचा हड़कंप, नक्शा दुरुस्तीकरण के लिए ली रिश्वत

हरदोई। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को लखनऊ विजिलेंस टीम ने हरदोई सदर तहसील में बड़ी कार्रवाई की। टीम ने अहिरोरी सर्किल में तैनात राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) कमल किशोर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही तहसील परिसर में हड़कंप मच गया।
विजिलेंस टीम के अनुसार, जमीन के नक्शे में दुरुस्तीकरण कराने के नाम पर कानूनगो द्वारा शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत लखनऊ विजिलेंस से की थी। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद टीम ने कार्रवाई की योजना तैयार की।
तय योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर कानूनगो के पास भेजा गया। जैसे ही कमल किशोर ने 20 हजार रुपये लिए, पहले से मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे पकड़ लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की रकम बरामद कर आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए।
विजिलेंस की कार्रवाई के बाद सदर तहसील और राजस्व विभाग में खलबली मच गई। टीम आरोपी कानूनगो को हिरासत में लेकर पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई। बाद में आरोपी को शहर कोतवाली ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की गई।
विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में शिकायत मिलने पर सत्यापन के बाद नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। घटना के बाद राजस्व विभाग के कर्मचारियों में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।