हरदोई में शान से निकली तिरंगा यात्रा, प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने दिलाया राष्ट्र निर्माण का संकल्प, कारगिल विजय दिवस पर शहीद आबिद खां की मजार पर किसी के न पहुंचने पर बोले- वह जानकारी लेंगे

हरदोई। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ?हर घर तिरंगा? अभियान के तहत हरदोई में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। गांधी भवन से शुरू हुई यात्रा शहीद उद्यान पहुंचकर संपन्न हुई। प्रभारी मंत्री स्वतंत्र प्रभार समाज कल्याण असीम अरुण ने यात्रा की अगुवाई की। उनके साथ डीएम अनुनय झा और एसपी अशोक कुमार मीणा भी शामिल रहे। यात्रा में युवा, एनसीसी कैडेट, स्काउट-गाइड, युवा भारत के बच्चे, भाजपा जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य राष्ट्र के प्रति एकता, गौरव और समर्पण की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए सभी को मिलकर संकल्प लेना होगा। उन्होंने हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे, सड़क, उद्योग और इंफ्रास्ट्रक्चर के बढ़ते कामों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले में तेजी से विकास हो रहा है।
कारगिल विजय दिवस के मौके पर शहीद लांस नायक आबिद खां की मजार पर श्रद्धांजलि देने किसी के न पहुंचने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि वह मामले की जानकारी लेंगे। उन्होंने कहा कि सभी शहीद देश के लिए सम्मानीय हैं और उनके सम्मान में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए।
परीक्षा व्यवस्था को लेकर मंत्री ने कहा कि छात्रों की अपेक्षा परीक्षा का निष्पक्ष और पारदर्शी होना स्वाभाविक है। अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सांसदों को संसद में चर्चा के लिए चुना गया है, नुक्कड़ नाटक के लिए नहीं।
लखनऊ रोड के निर्माण पर उन्होंने कहा कि बारिश के कारण काम की गति प्रभावित हो रही है, लेकिन मार्ग को बेहतर और भव्य बनाया जाएगा। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पीके वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, नगर पालिका अध्यक्ष, समाजसेवी आरिफ खान शानू समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।