घर में चोरी का खुलासा न होने पर एसपी से गुहार, हरदोई में न्याय के लिए थाने के चक्कर लगा रहा बिजली विभाग का संविदाकर्मी, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

हरदोई। बघौली थाना क्षेत्र के भीठा गांव में घर में हुई चोरी की घटना का खुलासा न होने से परेशान बिजली विभाग के एक संविदाकर्मी ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित ओमकार यादव पुत्र कामता ने एसपी को शिकायती पत्र देकर चोरी की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने के साथ चोरी गए सोने-चांदी के आभूषणों की बरामदगी की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, 12 नवंबर 2026 की रात उसके घर के साथ ही उसकी चाची के घर में भी चोरी हुई थी। उसके घर से कान के टॉप्स, झाला, बिछिया, पायल समेत सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए थे। घटना के बाद उसने बघौली थाने में शिकायत की, लेकिन अभी तक चोरी गए सामान का कोई सुराग नहीं मिला।
ओमकार का आरोप है कि घटना से एक दिन पहले उसकी चाची और उनके बेटे-बहू के बीच भैंस को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद चाची अपनी बहन के घर चली गई थी। चोरी की रात उनके घर में बेटा और बहू मौजूद थे। पीड़ित का कहना है कि चाची के घर हुई चोरी को लेकर पारिवारिक विवाद के चलते आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं, जबकि उसके घर हुई चोरी की अलग से जांच होनी चाहिए।
पीड़ित के मुताबिक, रात करीब तीन बजे हरिओम और उनकी पत्नी विमला ने चोरी होने की आवाज लगाई थी और 112 पर सूचना दी थी। ओमकार का आरोप है कि वह पांच-छह बार थाने के चक्कर लगा चुका है, लेकिन उसे केवल कार्रवाई का आश्वासन मिला।
अब पीड़ित ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच, चोरी गए आभूषणों की बरामदगी और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।