हरदोई में दिनदहाड़े चोरी की वारदात से मचा हड़कंप, रोशनदान तोड़कर घर में घुसे चोर, नकदी-जेवरात समेत लाखों का माल पार

हरदोई। शाहाबाद-पिहानी मुख्य मार्ग पर आंझी रेलवे स्टेशन के पास स्थित नौरोजपुर नगरिया क्षेत्र में चोरों ने दिनदहाड़े एक घर को निशाना बनाकर नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोर रोशनदान तोड़कर घर में दाखिल हुए और बक्सों व अलमारी को खंगालकर करीब 40 हजार रुपये की नकदी समेत सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, नौरोजपुर नगरिया निवासी राजेश पुत्र श्यामलाल के घर में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। घर के रोशनदान को तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने कमरों में रखे बक्सों और अलमारी को खंगाला। इस दौरान चोर 40 हजार रुपये नकद, करीब 17 ग्राम सोने के आभूषण और 350 ग्राम चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई चोरी की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। नागरिकों का आरोप है कि क्षेत्र में पहले भी चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस उनका खुलासा करने में नाकाम रही है। लगातार हो रही वारदातों से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि दिन के उजाले में घर सुरक्षित नहीं हैं तो रात में सुरक्षा की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने, चोरी गए जेवरात और नकदी बरामद करने तथा क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। इस वारदात ने एक बार फिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।