हरदोई में राशन विवाद ने लिया हिंसक रूप, कोटेदार और भाजपा नेता पक्ष में मारपीट, वीडियो वायरल

हरदोई। मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के मंसूरपुर गांव में राशन वितरण को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड चलने का आरोप है। घटना में कोटेदार सुरेश श्रीवास्तव, गुड्डू तिवारी समेत दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
एक पक्ष के अनुसार, भाजपा नेता और एबीवीपी के पूर्व पदाधिकारी आयुष मिश्रा ने दो दिन पहले ग्रामीणों की शिकायत पर कोटेदार से राशन वितरण सही तरीके से करने की बात कही थी। आरोप है कि इसी रंजिश में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। आयुष का कहना है कि बहन की शादी की चौथी से लौटते समय उनके साथ अभद्रता की गई। अगले दिन पिता और भाइयों के साथ अधिकारियों से मिलने जाते समय रास्ते में घेरकर हमला किया गया। उन्होंने दावा किया कि वायरल वीडियो में जमीन पर बेसुध पड़े लोग उनके परिवार के सदस्य हैं।
वहीं, दूसरे पक्ष का आरोप है कि आयुष मिश्रा और उनके भाई पीयूष मिश्रा ने कोटेदार सुरेश श्रीवास्तव पर लोहे की रॉड और पाइप से हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचे गुड्डू तिवारी को भी पीटा गया। हमले में दोनों घायल हो गए। उन्हें सीएचसी मल्लावां में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की तहरीर पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। एक पक्ष की शिकायत पर गुड्डू, सागर तिवारी, अखिलेश, अरुण तिवारी और राज तिवारी, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत पर मिथिलेश मिश्रा, आयुष मिश्रा और पीयूष मिश्रा को नामजद किया गया है। पुलिस वायरल वीडियो और आरोपों की जांच कर रही है।