अलीगढ़ में साइकिल लॉक बनाने की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दमकल टीम ने पाया काबू

अलीगढ़। अलीगढ़ में शुक्रवार सुबह साइकिल लॉक बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6:12 बजे अग्निशमन विभाग के नियंत्रण कक्ष को आग लगने की सूचना मिली। थाना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आतिशबाजान में स्थित साइकिल लॉक बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगी थी। सूचना मिलते ही एफएसओ बन्नादेवी के नेतृत्व में फायर स्टेशन बन्नादेवी से चार फायर टेंडर तथा पुलिस लाइन से एक अतिरिक्त फायर टेंडर घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि भवन के भूतल और प्रथम तल पर फैक्ट्री संचालित थी तथा भूतल पर साइकिल लॉक बनाने का कार्य होता था। आग फैक्ट्री के अंदर से निकलकर बाहर की ओर भी फैल रही थी। अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

दमकल कर्मियों ने सूझबूझ और कड़ी मेहनत से आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोक लिया। लगातार प्रयास के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। इससे आसपास के क्षेत्र में बड़ी घटना होने से टल गई।

घटना के दौरान सीएफओ अलीगढ़ मुकेश कुमार तथा स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। अग्निशमन विभाग की तत्परता, कार्यकुशलता और साहसिक कार्रवाई की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना में किसी व्यक्ति की जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों और संपत्ति के नुकसान का आकलन किया जा रहा है।