21 जून को अलीगढ़ में होगा विशाल योग शिविर, महापौर प्रशांत सिंघल होंगे मुख्य अतिथि

धनीपुर मंडी परिसर में मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, योग से स्वस्थ जीवन का दिया जाएगा संदेश


अलीगढ़। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से जुड़े भारत स्वाभिमान ट्रस्ट एवं पतंजलि योग समिति अलीगढ़ की ओर से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशाल योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम धनीपुर मंडी, जीटी रोड स्थित परिसर में आयोजित होगा। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में अलीगढ़ के महापौर प्रशांत सिंघल मौजूद रहेंगे।

भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के जिला प्रभारी एडवोकेट राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि इस वर्ष योग दिवस की थीम "एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग" रखी गई है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने वाली जीवन पद्धति है। योग के नियमित अभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ सकता है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को विश्व स्तर पर पहचान मिली है और आज दुनिया के लगभग 200 देशों में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता है। योग भारतीय प्राचीन परंपरा और वैदिक संस्कृति की अमूल्य देन है।

योग शिविर में लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां दी जाएंगी। आयोजकों द्वारा साधकों और आमजन को अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इस अवसर पर पतंजलि योग समिति की जिला प्रभारी महिला हरिओम सूर्यवंशी, युवा भारत के जिला प्रभारी मनोज झा, किसान समिति प्रभारी विजेंद्र सिंह बालियान सहित संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

आयोजकों ने बताया कि 21 जून की सुबह होने वाले इस योग शिविर में शहरवासियों से भाग लेकर स्वस्थ समाज निर्माण में सहयोग करने की अपील की गई है।