जहां दिखी आग, वहां पहुंचे सीएफओ मुकेश कुमार… अलीगढ़ में फिर फायर ब्रिगेड ने बचाई जान

अलीगढ़ में होटल में लगी भीषण आग, फायर सर्विस ने दो लोगों को सुरक्षित निकाला

अलीगढ़। जनपद अलीगढ़ में शनिवार देर रात नादा बाईपास रोड स्थित एक होटल में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। इस दौरान होटल के अंदर फंसे दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार रात 12:44 बजे आरटी सेट के माध्यम से सूचना मिली कि थाना रोरावर क्षेत्र के नादा बाईपास रोड स्थित प्रेम होटल में आग लगी है। सूचना मिलते ही अग्निशमन केंद्र बन्नादेवी से फायर स्टेशन ऑफिसर संजीव कुमार के नेतृत्व में दो फायर टेंडर मौके के लिए रवाना किए गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे।

मौके पर पहुंचकर टीम ने देखा कि होटल के बाहरी हिस्से में बनी एक दुकान में आग लगी थी, जिससे उठे धुएं ने पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया था। फायर सर्विस टीम ने बिना देरी किए पंपिंग शुरू कर आग को पूरी तरह बुझा दिया। साथ ही होटल के अंदर फंसे दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी जान बचाई गई।

अग्निशमन कर्मियों ने आसपास मौजूद अन्य भवनों तक आग फैलने से भी रोक दिया। घटना के दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। फायर सर्विस टीम की त्वरित कार्रवाई, सूझबूझ और कुशल नेतृत्व की स्थानीय नागरिकों ने जमकर सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि टीम की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।