खेरागढ़ नगर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, हजारों की संख्या में बच्चे और लोग रहे मौजूद

खेरागढ़ नगर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, हजारों की संख्या में बच्चे और लोग रहे मौजूद

खेरागढ़। स्वतंत्रता दिवस से पहले गुरुवार को खेरागढ़ में देशभक्ति का जोश देखने को मिला। हाथों में तिरंगा लिए हजारों लोगों की मौजूदगी में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों की धुन, भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से पूरा कस्बा गूंज उठा।

तिरंगा यात्रा के आयोजक खेरागढ़ चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू रहे। यात्रा का शुभारंभ देवी मंदिर से हुआ। यहां से यात्रा मुख्य चौराहा, ऊंटगिर चौराहा, सब्जी मंडी, जिला परिषद मार्केट होते हुए सैंया तिराहे पर पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के मार्ग में कस्बेवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया।

यात्रा के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया रहे। विधायक भगवान सिंह कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष हरिओम रावत, जिला उपाध्यक्ष राजकुमार कुशवाह, पूर्व जिला उपाध्यक्ष मेघराज सोलंकी, ब्रज क्षेत्र किसान मोर्चा मंत्री अशोक त्यागी, मंडल अध्यक्ष कपिल जिंदल, पूर्व मंडल अध्यक्ष महेश गर्ग, सभासद हिरदेश अग्रवाल सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। एनसीसी कैडेट और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं समेत हजारों लोगों ने यात्रा में सहभागिता की।

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ऐसी यात्राएं लोगों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करती हैं। खेरागढ़ में उमड़ा जनसैलाब देश के प्रति लोगों के सम्मान और समर्पण को दर्शाता है।

चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य खेरागढ़वासियों को एक सूत्र में जोड़ते हुए राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना है। स्वतंत्रता दिवस हम सभी के लिए गौरव का पर्व है और तिरंगे के सम्मान में पूरा खेरागढ़ एकजुट होकर खड़ा है।

यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, जगह-जगह हुआ स्वागत और तिरंगों से सजीं कस्बे की सड़कें स्वतंत्रता दिवस से पहले खेरागढ़ में देशभक्ति की भव्य तस्वीर पेश करती नजर आईं।