कागारौल चौराहे पर चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू ने बांटे तिरंगे, ठेले-ढकेल वालों और दुकानदारों में दिखा उत्साह

खेरागढ़। स्वतंत्रता दिवस से पहले खेरागढ़ में ?हर घर तिरंगा? अभियान को लेकर उत्साह बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को नगर पंचायत खेरागढ़ के चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू ने कागारौल चौराहे पर ठेले-ढकेल वालों और दुकानदारों को तिरंगे वितरित किए। तिरंगा हाथ में आते ही लोगों के चेहरे पर खुशी और राष्ट्रप्रेम का भाव नजर आया।

चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान के साथ करोड़ों देशवासियों के गौरव, एकता और बलिदान का प्रतीक है। ?हर घर तिरंगा? अभियान के माध्यम से समाज के हर वर्ग को राष्ट्रभक्ति की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान बनाए रखते हुए अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने की अपील की।

इस दौरान चेयरमैन ने 13 अगस्त को खेरागढ़ में निकलने वाली भव्य तिरंगा यात्रा में दुकानदारों, ठेले-ढकेल वालों और क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में जनभागीदारी से कस्बे में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश और मजबूत होगा।

कार्यक्रम में नगर पंचायत सदस्य हिरदेश अग्रवाल सहित नगर पंचायत कर्मचारी मौजूद रहे। कागारौल चौराहे पर तिरंगा वितरण के दौरान लोगों में खासा उत्साह और देशप्रेम की भावना देखने को मिली।