दुरंतो एक्सप्रेस में 1.24 किलो विदेशी सोना बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

दुरंतो एक्सप्रेस में 1.24 किलो विदेशी सोना बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

आरपीएफ क्राइम ब्रांच और डीआरआई की संयुक्त कार्रवाई, बरामद सोने की कीमत करीब 1.96 करोड़ रुपये

बिलासपुर। रेलवे सुरक्षा बल की क्राइम ब्रांच रायपुर और नागपुर की टीम ने राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई), नागपुर के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में विदेशी सोने की तस्करी का पर्दाफाश किया है। टीम ने कार्रवाई के दौरान 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 1.96 करोड़ रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर के निरीक्षक को सूचना मिली थी कि गाड़ी संख्या 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में दो व्यक्ति विदेशी सोना लेकर यात्रा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर ने रायपुर टीम को जानकारी दी और डीआरआई नागपुर के साथ संयुक्त जांच अभियान की योजना बनाई।

इसके बाद संयुक्त टीम ने रायपुर से नागपुर तक ट्रेन में सघन निगरानी और जांच शुरू की। भंडारा और नागपुर के बीच बी-12 कोच में दो संदिग्ध यात्रियों की पहचान कर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से सात सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ बरामद हुई। कुल सोने का वजन लगभग 1.242 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1.96 करोड़ रुपये आंकी गई।

डीआरआई को सौंपे गए आरोपी

आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को बरामद सोने सहित डीआरआई, नागपुर के सुपुर्द कर दिया गया। दोनों के खिलाफ सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की विस्तृत जांच डीआरआई नागपुर द्वारा की जा रही है।

रेलवे सुरक्षा बल की इस कार्रवाई में क्राइम ब्रांच रायपुर और नागपुर की टीम की सतर्कता, त्वरित सूचना साझा करने और डीआरआई के साथ प्रभावी समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरपीएफ द्वारा ट्रेनों और रेलवे परिसरों में अवैध एवं प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार जांच और निगरानी अभियान चलाए जा रहे हैं।