रेलवे यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा: अब हवाई यात्रा की तरह ऑनलाइन बुक होगा अतिरिक्त सामान

बिलासपुर। भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को एक नई दिशा देते हुए अतिरिक्त सामान (लगेज) की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा शुरू कर दी है। 31 जुलाई 2026 से लागू नई व्यवस्था के तहत अब यात्री हवाई यात्रा की तरह टिकट बुकिंग के समय ही अपने अतिरिक्त सामान की ऑनलाइन घोषणा कर उसका शुल्क जमा कर सकेंगे। इससे यात्रियों को पार्सल काउंटर पर अलग से जाने की आवश्यकता नहीं होगी और पूरी प्रक्रिया अधिक आसान, तेज और सुविधाजनक बन जाएगी।

रेलवे बोर्ड द्वारा जारी नई नीति के अनुसार, यह सुविधा कन्फर्म आरक्षित टिकट वाले यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी। यात्री आईआरसीटीसी या रेलवे के पार्सल पोर्टल के माध्यम से अतिरिक्त सामान की जानकारी दर्ज कर ऑनलाइन शुल्क का भुगतान कर सकेंगे। लगेज बुकिंग का न्यूनतम शुल्क 30 रुपये निर्धारित किया गया है।

नई व्यवस्था के तहत एसी फर्स्ट क्लास, एसी द्वितीय श्रेणी (2-टियर), फर्स्ट क्लास, स्लीपर क्लास और द्वितीय श्रेणी के यात्री इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। इन श्रेणियों में निर्धारित मुफ्त सामान सीमा से अधिक वजन होने पर शुल्क देकर तय अधिकतम सीमा तक सामान ले जाया जा सकेगा।

रेलवे ने विभिन्न श्रेणियों के लिए निःशुल्क सामान की सीमा भी निर्धारित की है। एसी फर्स्ट क्लास में 70 किलोग्राम तक, एसी 2-टियर और फर्स्ट क्लास में 50 किलोग्राम तक, स्लीपर क्लास में 40 किलोग्राम तक तथा द्वितीय श्रेणी में 35 किलोग्राम तक सामान बिना अतिरिक्त शुल्क के ले जाया जा सकेगा। निर्धारित सीमा से अधिक वजन होने पर तय नियमों के अनुसार शुल्क देना होगा।

रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि एसी 3-टियर, एसी 3-टियर इकोनॉमी और एसी चेयर कार के यात्रियों के लिए यह सुविधा लागू नहीं होगी, क्योंकि इन श्रेणियों में अधिकतम अनुमत सामान सीमा पहले से ही निर्धारित है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि अतिरिक्त सामान के साथ यात्रा करने से पहले ऑनलाइन बुकिंग अवश्य करा लें। बिना बुकिंग के अतिरिक्त सामान के साथ यात्रा करते पाए जाने पर सामान्य दर से छह गुना तक जुर्माना लगाया जा सकता है।

भारतीय रेलवे की यह नई पहल यात्रियों को अधिक पारदर्शी, डिजिटल और परेशानी मुक्त यात्रा अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे समय की बचत होगी, पार्सल काउंटरों पर भीड़ कम होगी और यात्रियों को आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सेवाओं का लाभ मिलेगा।