दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का शानदार प्रदर्शन: जुलाई में 21.53 मिलियन टन माल लदान, ₹2,636 करोड़ से अधिक का राजस्व, यात्री सुविधाओं का भी हुआ विस्तार

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) ने जुलाई 2026 में माल परिवहन और यात्री सेवाओं, दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। रेलवे ने 21.53 मिलियन टन माल लदान और ₹2,636.58 करोड़ का माल राजस्व अर्जित कर परिचालन दक्षता और बेहतर सेवा का नया उदाहरण प्रस्तुत किया है। साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न अवसरों पर स्पेशल ट्रेनों का संचालन कर बेहतर कनेक्टिविटी भी सुनिश्चित की गई।

रेलवे के अनुसार, जुलाई 2026 में माल लदान में पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 4.16 प्रतिशत तथा माल राजस्व में 4.65 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं 31 जुलाई 2026 तक दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का संचयी माल लदान 87.56 मिलियन टन और संचयी माल राजस्व ₹10,490.77 करोड़ रहा, जो रेलवे की निरंतर प्रगति को दर्शाता है।

बिलासपुर मंडल ने बनाए नए कीर्तिमान

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सबसे बड़े माल लदान वाले बिलासपुर मंडल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए जुलाई में 16.04 मिलियन टन माल लदान किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 5.09 प्रतिशत अधिक है। इसी अवधि में मंडल ने ₹2,079.89 करोड़ का माल राजस्व अर्जित किया, जिसमें 5.74 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

कोयला, लौह अयस्क और कंटेनर परिवहन में उल्लेखनीय बढ़ोतरी

रेलवे ने देश के उद्योगों और ऊर्जा क्षेत्र की जरूरतों को पूरा करते हुए कोयला, लौह अयस्क, इस्पात संयंत्रों के कच्चे माल, क्लिंकर और कंटेनर परिवहन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की। घरेलू कोयले की आपूर्ति में 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी से ताप विद्युत संयंत्रों को निर्बाध ईंधन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहयोग मिला, जिससे देश की ऊर्जा सुरक्षा और मजबूत हुई।

यात्रियों की सुविधा भी रही सर्वोच्च प्राथमिकता

माल परिवहन के साथ-साथ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी। अप्रैल 2026 से अब तक 48 स्पेशल ट्रेनों के 140 फेरे संचालित किए गए, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प और बेहतर कनेक्टिविटी मिली। गर्मी की छुट्टियों, रथ यात्रा और वर्तमान श्रावण मास के दौरान बढ़ी भीड़ को देखते हुए समर स्पेशल, रथ यात्रा स्पेशल और श्रावणी स्पेशल ट्रेनों का सफल संचालन किया गया।

इन विशेष ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध हुई, वहीं भीड़ प्रबंधन में भी रेलवे को बड़ी सफलता मिली।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने एक बार फिर साबित किया है कि वह माल परिवहन के माध्यम से देश की अर्थव्यवस्था को गति देने और यात्री सेवाओं के माध्यम से बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने?दोनों क्षेत्रों में समान रूप से उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। क्षमता विस्तार, आधुनिक परिचालन और यात्री-केंद्रित सेवाओं के बल पर रेलवे अपने "SECR emPowering the Nation" के संकल्प को मजबूती से आगे बढ़ा रहा है।