कासगंज स्टेशन पर आरपीएफ ने निकाली तिरंगा रैली, ‘हर घर तिरंगा’ के लिए लोगों को किया जागरूक

बरेली। स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत तिरंगा रैली निकाली गई। कासगंज रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने रैली निकालकर यात्रियों और आमजन को अभियान के प्रति जागरूक किया।

मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त मिथुन सोनी के निर्देशन में आयोजित रैली में आरपीएफ के जवान हाथों में तिरंगा लेकर स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचे। इस दौरान लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की गई।

रैली के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। आरपीएफ जवानों ने यात्रियों और स्थानीय लोगों को हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

रेलवे सुरक्षा बल की इस पहल के जरिए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया। जवानों ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाने तथा अपने घरों पर तिरंगा फहराकर अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया।