कासगंज रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ-जीआरपी का सघन सुरक्षा अभियान, डॉग स्क्वॉड ने की जांच

बरेली। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त मिथुन सोनी के निर्देशन में कासगंज रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस ने संयुक्त रूप से सघन सुरक्षा जांच अभियान चलाया।

अभियान के दौरान डॉग स्क्वॉड की सहायता से स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास मार्गों के साथ-साथ स्टेशन पर आने-जाने वाली ट्रेनों में भी यात्रियों और उनके सामान की गहन जांच की गई। सुरक्षा टीम ने स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए संदिग्ध वस्तुओं और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी।

सुरक्षा जांच के दौरान यात्रियों को भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तत्काल सुरक्षा बलों को देने के लिए जागरूक किया गया। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की कि वे सुरक्षा जांच में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी या रेलवे अधिकारियों को दें।

रेल प्रशासन के अनुसार, इस तरह के संयुक्त जांच अभियान का उद्देश्य रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत बनाए रखना है।