पूर्व न्यायाधीश पी.एन. पाराशर को अधिवक्ताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

कासगंज। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं जिला कांग्रेस कमेटी विधि विभाग के चेयरमैन सत्येन्द्र पाल सिंह बैस एडवोकेट के नेतृत्व में शुक्रवार को जनपद न्यायालय परिसर में सैलई धाम के संस्थापक, समाजसेवी एवं पूर्व न्यायाधीश स्वर्गीय पी.एन. पाराशर के आकस्मिक निधन पर शोकसभा आयोजित की गई। इस दौरान अधिवक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए दो मिनट का मौन धारण किया, दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

वरिष्ठ अधिवक्ता प्रेमचंद्र मिश्र ने कहा कि प्रेम नारायण पाराशर बचपन से ही मेधावी, लगनशील एवं प्रतिभाशाली छात्र थे। अपनी मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने न्यायिक सेवा में उच्च स्थान प्राप्त किया तथा न्यायाधीश के रूप में पूरी सत्यनिष्ठा और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर जनपद का नाम गौरवान्वित किया।

सत्येन्द्र पाल सिंह बैस एडवोकेट ने कहा कि पूर्व न्यायाधीश पी.एन. पाराशर का अचानक निधन समाज और न्यायिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने न्यायिक कार्यकाल में पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ दायित्वों का निर्वहन किया। सेवानिवृत्ति के बाद भी लगभग दो दशकों तक सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय रहकर सैलई धाम एवं समाज के लिए अनेक उल्लेखनीय कार्य किए, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे।

उन्होंने कहा कि पाराशर जी बहुमुखी प्रतिभा के धनी व्यक्तित्व थे। उनके व्यवहार में आत्मीयता, सादगी और अपनापन था, जिसके कारण न्यायिक एवं सामाजिक क्षेत्र की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों से उनके मधुर संबंध थे। उन्होंने सैलई धाम के वार्षिकोत्सवों में देशभर की न्यायिक एवं अन्य विशिष्ट हस्तियों को आमंत्रित कर सम्मानित किया तथा क्षेत्र के लोगों को उनसे जुड़ने का अवसर प्रदान किया। लगभग 80 वर्ष की आयु में भी वे समाजसेवा के कार्यों में पूरी सक्रियता के साथ जुड़े रहे। उनका व्यक्तित्व और समाज के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा तथा उनका नाम इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।

शोकसभा में अमित सोलंकी, कौशलेंद्र प्रताप सिंह, जावेद, मोहम्मद तारिक अली, राजेंद्र सागर, अरविंद यादव, ओमेंद्र सिंह, मोहम्मद अयाज, रोहित सक्सेना, निर्मल कुमार वर्मा, संजय सोलंकी, अयोध्या प्रसाद, मधुर वशिष्ठ, सत्यम शर्मा, शिवम चौहान, शिवम कुमार सोलंकी, सत्येंद्र कुमार, नरेंद्र शर्मा, विकास सोलंकी, संजय यादव, कृष्णकांत, अभिषेक सिंह, राज सिंह, अनमोल कुमार, सचिन कुमार सिंह, मोहम्मद खालिद, फिरोज खान सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।