इज्जतनगर मंडल में गूंजे देशभक्ति के तराने, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम

बरेली। हर घर तिरंगा अभियान के तहत पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में रेलकर्मियों और उनके बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इज्जतनगर मंडल के अधिकारी क्लब में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रेलकर्मियों एवं उनके बच्चों ने देशभक्ति गीत, काव्य-पाठ और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पूरा माहौल देशभक्ति की भावना से सराबोर नजर आया। बच्चों और रेलकर्मियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया।

घर-घर तिरंगा फहराने का दिया संदेश

इस अवसर पर रेलकर्मियों और उनके परिवारजनों को हर घर तिरंगा अभियान के उद्देश्य से अवगत कराया गया। सभी से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्रप्रेम, एकता और देश के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। रेलकर्मियों और उनके परिवारों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।